मुजफ्फरपुर के लोगों को मुशहरी का चक्कर लगाने में मिलेगी मुक्ति, निगम के लिए अलग बनेगा सदर अंचल
Bihar Revenue Department News: राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने मुजफ्फरपुर शहरी क्षेत्र के लिए नए सदर अंचल कार्यालय की घोषणा की है। यह कदम शहर ...और पढ़ें

मंत्री दिलीप जायसवाल से मिलकर नगर विधायक रंजन कुमार ने अलग अंचल की रखी थी मांग। फोटो सौ. स्वयं

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Sadar Anchal Announcement: मुजफ्फरपुर में श्रावणी मेले का उद्घाटन करने पहुंचे राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने शहरवासियों के लिए बड़ी घोषणा की है।
उन्होंने मुजफ्फरपुर नगर निगम (शहरी) क्षेत्र के लिए अलग से नया अंचल कार्यालय बनाने का ऐलान किया। इस नए प्रशासनिक अंचल का नाम 'सदर अंचल' होगा।
मुशहरी जाने से मिलेगी राहत
वर्तमान व्यवस्था के तहत नगर निगम के 49 वार्डों और मुशहरी प्रखंड की 26 पंचायतों के लिए एक ही अंचल कार्यालय कार्यरत है, जिसका मुख्यालय मुशहरी में स्थित है।
शहरी क्षेत्र के लोगों को जमीन की रसीद, म्यूटेशन और राजस्व संबंधी कार्यों के लिए 20 से 25 किलोमीटर दूर मुशहरी जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता था।
नगर विधायक ने उठाई थी मांग
नगर विधायक रंजन कुमार ने मंत्री के समक्ष शहरी क्षेत्र के निवासियों को होने वाली व्यावहारिक परेशानियों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने शहर के लिए अलग अंचल कार्यालय गठित करने की मांग रखी थी।
इस पर मंत्री ने कहा कि पावन सावन माह में इस जनहित याचिका को स्वीकार करते हुए जल्द ही उपमुख्यमंत्री सह विभागीय प्रक्रिया के माध्यम से नए सदर अंचल का गठन पूरा कराया जाएगा।
प्रशासनिक काम में आएगी तेजी
मंत्री ने बताया कि 49 वार्डों और 26 पंचायतों की विशाल आबादी के कारण मुशहरी अंचल कार्यालय पर अत्यधिक दबाव बना रहता था। अलग सदर अंचल बनने से आम जनता के राजस्व और भूमि संबंधी मामलों का निष्पादन तेजी से हो सकेगा।
इससे न केवल मुशहरी अंचल का बोझ घटेगा, बल्कि शहरी क्षेत्र के लोगों को अपने ही शहर में तमाम प्रशासनिक सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी।