Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुजफ्फरपुर में फिरौती के लिए युवक का अपहरण, दो घंटे में पुलिस ने कराया मुक्त, दो गिरफ्तार

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 09:30 PM (GMT+05:30)

    Bihar Police News: मुजफ्फरपुर में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर 50 हजार की फिरौती मांगी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो घंटे में युवक को सक ...और पढ़ें

    पकड़े गए बदमाशों की जानकारी देते पुलिस अधिकारी। फोटो: विभाग

    पकड़े गए बदमाशों की जानकारी देते पुलिस अधिकारी। फोटो: विभाग

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। Muzaffarpur Kidnap Case: कटरा थाना के जजुवार ओपी इलाके से रविवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर लिया।

    इसके बाद अपहृत युवक के मोबाइल से ही स्वजन को काल कर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई। सूचना मिलते ही जजुवार ओपी की पुलिस सक्रिय हुई और करीब दो घंटे के भीतर युवक को सकुशल बरामद कर लिया।

    बगीचे से युवक बरामद

    ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि नौ अगस्त की शाम जजुवार ओपी इलाके से बाइक सवार दो बदमाशों ने युवक का अपहरण किया था।

    घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। इसमें एसडीपीओ पूर्वी वन, जजुवार ओपी अध्यक्ष समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवानों को शामिल किया गया।

    दो आरोपित गिरफ्तार

    पुलिस ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से बदमाशों की गतिविधियों का पता लगाया। इसके बाद जजुवार थाना क्षेत्र स्थित एक बगीचे में छापेमारी की गई, जहां से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मौके से जजुवार इलाके के मंजय कुमार और सुनील कुमार को गिरफ्तार किया।

    हथियार और कारतूस जब्त

    पुलिस ने आरोपितों के पास से एक देसी पिस्टल, सात कारतूस, घटना में प्रयुक्त बाइक और अपहृत युवक का मोबाइल बरामद किया।

    हथियार और कारतूस की बरामदगी को लेकर अलग से प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है।

    मंजय पर कई केस

    ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित मंजय कुमार का पूर्व से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अपहरण में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

    ग्रामीण एसपी ने कहा कि आरोपितों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाने की कवायद की जाएगी। पुलिस अपहरण की घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

    खबरें और भी