मुजफ्फरपुर के पियर में ताजिया मिलन के दौरान हिंसक झड़प, पथराव में दो दर्जन से अधिक घायल
Bihar Muharram: मुजफ्फरपुर के पियर थाना क्षेत्र के बरियारपुर चौक पर ताजिया मिलन के दौरान ताजिया रखने की जगह को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस ...और पढ़ें

दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और पथराव शुरू हो गया।
संवाद सहयोगी, बंदरा (मुजफ्फरपुर)। Muzaffarpur Tazia Clash: पियर थाना क्षेत्र के बरियारपुर चौक पर शुक्रवार को ताजिया मिलन के दौरान ताजिया रखने की जगह को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और पथराव शुरू हो गया। घटना में दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
ताजिया रखने की जगह को लेकर विवाद
जानकारी के अनुसार बरियारपुर चौक पर हर वर्ष आसपास के गांवों के ताजियों का मिलन कराया जाता है। इस बार बरियारपुर पूर्वी और पश्चिमी टोला के लोगों के बीच ताजिया रखने के स्थान को लेकर कहासुनी शुरू हुई। कुछ ही देर में विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
लाठी-डंडे और पथराव से अफरातफरी
विवाद बढ़ने के साथ दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और पथराव शुरू हो गया। झड़प के दौरान बरियारपुर चौक कुछ समय के लिए रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, अतिरिक्त बल तैनात
घटना के समय पियर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। एहतियात के तौर पर पुलिस कैंप भी किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
खबरें और भी
वीडियो फुटेज के आधार पर होगी कार्रवाई
पियर थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है।
सिमरा में भी झड़प की सूचना
इधर, पियर थाना क्षेत्र के सिमरा गांव में भी ताजिया मिलन के दौरान झड़प होने की सूचना मिली है। इस घटना में भी कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।