'सो' गया स्वास्थ्य विभाग: मुजफ्फरपुर में ड्यूटी के दौरान डॉक्टर के सोने का Video Viral
Bihar Health Department: मुजफ्फरपुर के कुढ़नी प्रखंड स्थित एक सरकारी अस्पताल में ड्यूटी के दौरान डॉक्टर का ओपीडी में सोते हुए वीडियो वायरल हुआ है। इस ...और पढ़ें

वायरल वीडियो से ली गई डॉक्टर की तस्वीर। सौ: वीडियो ग्रैब

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, मनियारी (मुजफ्फरपुर)। Kudhani Doctor Video Viral: मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी प्रखंड से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलती एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है।
कुढ़नी प्रखंड क्षेत्र के अख्तियारपुर पड़ेया पंचायत स्थित एक सरकारी अस्पताल का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वायरल वीडियो में ड्यूटी के दौरान तैनात एक सरकारी चिकित्सक ओपीडी (OPD) कक्ष में मरीजों का इलाज करने के बजाय आराम से बेड पर सोते हुए दिखाई दे रहे हैं।
वहीं, बगल में बैठी एएनएम (ANM) मजबूरी में मरीजों के कागजी कार्य और अन्य आवश्यक जिम्मेदारियां संभालती नजर आ रही हैं।
ओपीडी के बेड पर सोते दिखे डॉक्टर
सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अस्पताल के ओपीडी कक्ष में तैनात चिकित्सक दोनों हाथ सिर के नीचे रखकर पूरी तरह आराम की मुद्रा में लेटे हैं।
इसी दौरान ओपीडी में इलाज कराने आए मरीजों की भीड़ लगी है और वहां मौजूद एएनएम अकेले ही मरीजों के पर्चे और अन्य तकनीकी कार्यों का निष्पादन करती दिखाई देती हैं।
यदि यह वायरल वीडियो पूरी तरह सही है तो यह जिले के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली, डॉक्टरों की संवेदनशीलता और विभाग की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
व्यवस्था पर उठते सवाल
इस वायरल वीडियो को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और मरीजों में भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि ग्रामीण इलाकों के सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए दूर-दराज से आने वाले गरीब मरीजों को समय पर चिकित्सकीय सेवा नहीं मिलती है।
डॉक्टर की इस तरह की लापरवाही के कारण मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है या बिना इलाज के ही वापस लौटना पड़ता है। लोगों का मानना है कि ऐसे गैर-जिम्मेदाराना रवैये के कारण ही आम जनता का सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर से भरोसा लगातार उठता जा रहा है।
अधिकारी से नहीं हो सका संपर्क
हालांकि, इस वायरल वीडियो की सत्यता की दैनिक जागरण पुष्टि नहीं करता है। इस पूरे संवेदनशील मामले में अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग का पक्ष जानने के लिए कुढ़नी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (MOIC) से मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क स्थापित नहीं हो सका। अब देखना यह है कि वीडियो वायरल होने के बाद जिला स्वास्थ्य समिति और सिविल सर्जन इस लापरवाह रवैये पर क्या संज्ञान लेते हैं।