मुजफ्फरपुर में लापता चचेरी बहनों की निर्मम हत्या, दुष्कर्म की आशंका से सनसनी
मुजफ्फरपुर के मीनापुर में दो दिन से लापता चचेरी दो बहनों (12 और 7 वर्ष) के शव चिमनी के गड्ढे ...और पढ़ें

घटना की सूचना पर जुटी भीड़।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, मीनापुर (मुजफ्फरपुर) । रामपुरहरि थाना क्षेत्र से दो दिन पहले लापता चचेरी दो बहनों (12 और सात वर्षीय) की निर्मम तरीके से हत्या कर शवों को घर से 200 मीटर दूर चिमनी के पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया गया। बुधवार की सुबह शव मिलते ही सनसनी फैल गई। दोनों के पेट, गर्दन और बांह पर चाकू के निशान मिले हैं।
क्रूरता की हद यह कि बच्ची के सिर के बाल तक दरिंदों ने नोच डाले थे। किशोरी के साथ दुष्कर्म की भी आशंका है। उसकी उंगलियां काट ली गई थीं। घटना के विरुद्ध ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
पुलिस पर जांच में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर रामपुरहरि के अलावा सकरा, मीनापुर, कांटी, मोतीपुर थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। लोगों को समझाकर शांत कराया गया।
मौके पर पहुंची फारेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने नमूने लिए। डाग स्क्वाड की टीम भी मौके पर पहुंची। खोजी कुत्ता घटनास्थल से 500 मीटर की दूरी तक जाकर लौट आया। कोई सुराग नहीं मिला।
सोमवार की सुबह पांचवीं में पढ़ने वाली किशोरी द्वितीय कक्षा में पढ़ने वाली चचेरी बहन के साथ घर से खेलने के लिए निकली। इसके बाद से उसका पता नहीं चला। उस दिन घर के बगल में भुईंया बाबा की पूजा हो रही थी।
परिवार के लोगों ने समझा कि दोनों पूजा देखने गई हैं। देर रात तक घर नहीं पहुंचने तो स्वजन परेशान हो गए। खोजबीन के बाद कोई सुराग नहीं मिलने पर उसी रात रामपुरहरि थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई। इस बीच बुधवार की सुबह करीब आठ बजे दोनों के शव मिले।
किशोरी के पेट और बच्ची की गर्दन पर चाकू के निशान मिले। बांह पर भी चाकू मारा गया था। शव से बदबू आ रही थी। आशंका है कि अन्यत्र हत्या कर शव को फेंका गया।
ट्रक चालक किशोरी के पिता ने बताया कि लापता होने के बाद उन्होंने इस जगह खोजबीन की। मंगलवार की शाम तक चिमनी के पास कुछ नहीं मिला। सुबह में शव मिलने की सूचना मिली।
पोस्टमार्टम में सामने आई बदमाशों की हैवानियत, चिकित्सक का भी दिल दहला
मुजफ्फरपुर : चचेरी बहनों के शवों के पोस्टमार्टम के दौरान बदमाशों की हैवानियत सामने आई। शवों की स्थिति देखकर पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक का दिल दहल गया।
चिकित्सक के अनुसार, अगवा करने की रात ही दोनों की बर्बरता से हत्या कर दी गई थी। किशोरी के नाजुक अंग में खून जमा मिला। इससे दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है।
गर्दन दबाकर हत्या के बाद बदमाशों ने गला रेत हत्या की। उसके बाएं हाथ की तीन अंगुलियां कटी मिलीं। जबड़ा निकला था। बच्ची के सीने पर भारी वस्तु से प्रहार और गर्दन दबाकर हत्या की बात सामने आई।
फेफड़े की चार हड्डियां टूटी थीं। जानवरों द्वारा भी नोचने के जख्म मिले। चिकित्सक ने दोनों बच्चियों के खून से लथपथ कपड़े पुलिस को हैंडओवर कर दिए। कपड़े को एफएसएल जांच में भेजा जाएगा।
पुलिस की मांग पर दुष्कर्म की आशंका को लेकर चिकित्सक ने वेजाइनल स्वाब को सुरक्षित रखा है। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक के अनुसार बुधवार की सुबह से 48 घंटे पहले हत्या हुई है।
गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद आसपास के सीसी कैमरों को खंगाला गया था। कोई जानकारी नहीं मिली थी। एफएसएल व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले बहुत कुछ स्थिति स्पष्ट होगी।
-अलय वत्स, एसडीपीओ पूर्वी वन
