बिहार बीएड काउंसलिंग के 5वें चरण की सूची जारी, 5680 सीटों पर बुधवार तक होगा नामांकन
Bihar BEd Counseling 5th Round: राज्य के बीएड कॉलेजों में सत्र 2026 के लिए पांचवें चरण की काउंसलिंग के आधार पर 5680 अभ्यर्थियों की आवंटन सूची जारी कर ...और पढ़ें

छात्र-छात्राएं आवंटित महाविद्यालयों में बुधवार तक अपना नामांकन सुनिश्चित करा सकेंगे। (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। CET BEd Seat Allotment List: राज्य के बीएड कॉलेजों में सत्र 2026 में नामांकन की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।
पांचवें चरण की काउंसलिंग के आधार पर कुल 5680 अभ्यर्थियों की आवंटन सूची सोमवार को जारी कर दी गई है। चयनित छात्र-छात्राएं आवंटित महाविद्यालयों में बुधवार तक अपना नामांकन सुनिश्चित करा सकेंगे।
छूटे अभ्यर्थियों को मौका
राज्य नोडल अधिकारी प्रो. संजय कुमार ने बताया कि इस चरण में उन अभ्यर्थियों को भी शामिल किया गया है, जिन्होंने पूर्व के चरणों में सीट आवंटन के बावजूद दाखिला नहीं लिया था। ऐसे अभ्यर्थियों के आवेदनों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उन्हें नामांकन का अंतिम अवसर दिया गया है।
जरूरी कागजात की सूची
नामांकन के समय अभ्यर्थियों को सीईटी बीएड 2026 का एडमिट कार्ड, स्कोर कार्ड और आवंटन पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके अलावा आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र, मैट्रिक, इंटरमीडिएट एवं स्नातक के सभी अंकपत्र और मूल प्रमाण पत्र भी साथ लाना अनिवार्य है।
आरक्षण और शुल्क नियम
आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए जाति, निवास, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांगता प्रमाण पत्र की मूल प्रति एवं छायाप्रति जमा करना आवश्यक होगा।
सीट कंफर्मेशन के लिए अभ्यर्थियों को 3,000 रुपये का शुल्क जमा करना होगा, जिसे मुख्य नामांकन शुल्क में समायोजित कर दिया जाएगा।
विश्वविद्यालयवार दाखिले के आंकड़े
अब तक राज्यभर के बीएड कॉलेजों में कुल 31,298 अभ्यर्थी नामांकन करा चुके हैं। बीआरए बिहार विश्वविद्यालय मुजफ्फरपुर की 6,200 सीटों में से 5,285 पर दाखिला हो चुका है और 915 सीटें अभी भी रिक्त हैं।
अन्य प्रमुख विवि की स्थिति
अन्य प्रमुख विश्वविद्यालयों में पाटलिपुत्र विवि में 5421, मगध विवि में 5346, एलएनएमयू दरभंगा में 3211, मौलाना मजहरुल हक विवि में 2522, एकेयू पटना में 2450 और वीकेएसयू आरा में 1933 विद्यार्थियों ने अब तक नामांकन लिया है। नोडल अधिकारी ने अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।