मुजफ्फरपुर–रामदयालु रूट पर यात्रियों के लिए अलर्ट, रात में बंद रहेगा मझौलिया फाटक
मुजफ्फरपुर-रामदयालु मार्ग पर मझौलिया फाटक 27 मार्च को रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक मरम्मत कार्य के कारण बंद रहेगा। इससे सड़क यातायात प्रभावित होगा। यात ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर । मुजफ्फरपुर–रामदयालु रूट से गुजरने वाले यात्रियों के लिए अहम खबर है। मझौलिया फाटक रात के समय बंद रहने वाला है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो सकता है।
ऐसे में देर रात सफर करने वालों को पहले से सतर्क रहने और वैकल्पिक रास्तों की योजना बनाने की जरूरत है, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके। रेलवे लाइन पर मरम्मत कार्य को लेकर यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है।
बता दें कि 27 मार्च को मुजफ्फरपुर–रामदयालु स्टेशन के बीच स्थित फाटक संख्या पांच (मझौलिया वाला) को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा।
मरम्मत कार्य के कारण यह फाटक रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक सड़क आवागमन के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान किसी भी प्रकार के वाहन को फाटक पार करने की अनुमति नहीं होगी ।
रेलवे प्रशासन ने लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किया है । आवागमन के लिए गोवरसाही वाला फाटक एवं खबड़ा वाला फाटक का प्रयोग किया जा सकता है ।
रेलवे ने स्थानीय लोगों और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो ।
साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर बंद फाटक के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाने की भी सलाह दी गई है । मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सुबह छह बजे से फाटक को पुनः सामान्य आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा ।