Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुंगेर पशु तस्करी कांड: जमादार समेत 4 पुलिसकर्मियों समेत 7 गिरफ्तार, 4-5 अन्य जवान भी रडार पर

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 05:27 PM (IST)

    मुंगेर पुलिस ने पशु तस्करी में कथित मिलीभगत के आरोप में एक जमादार सहित चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

    मामले की जानकारी देते एसपी। (जागरण)

    मामले की जानकारी देते एसपी। (जागरण)

    HighLights

    1. पशु तस्करी में चार पुलिसकर्मी गिरफ्तार, एक जमादार शामिल।

    2. लाइनर के मोबाइल और सीडीआर से हुआ बड़ा खुलासा।

    3. 35 भैंसों से भरा ट्रक जब्त, चार मृत मिलीं।

    जागरण संवाददाता, मुंगेर। पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान मुंगेर पुलिस ने अपने ही महकमे में तस्करों से कथित मिलीभगत का पर्दाफाश किया है।

    तस्करों के वाहनों को जिले की सीमा से सुरक्षित पार कराने में मदद करने के आरोप में एक जमादार सहित चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

    मामले में अब तक लाइनर, ट्रक चालक और सहायक चालक समेत सात आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। लाइनर के मोबाइल की जांच और सीडीआर से मुफस्सिल व यातायात थाना के कुछ पुलिसकर्मियों से संपर्क का खुलासा होने के बाद कार्रवाई का दायरा बढ़ाया गया।

    पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के निर्देश पर पूरे मामले की जांच चल रही है। एसपी के अनुसार, चार-पांच अन्य पुलिसकर्मी भी जांच के घेरे में हैं। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के साथ खाकी के कथित गठजोड़ की कड़ियां खंगाल रही है।

    रेकी करते लाइनर को पकड़ा

    छह अगस्त को मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना मिली कि ट्रक संख्या बीआर19जीए-3676 पर पशुओं को लादकर एनएच-333बी के रास्ते मुंगेर से खगड़िया ले जाया जा रहा है।

    सूचना के सत्यापन के लिए मुफस्सिल थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसमें जिला आसूचना इकाई (डीआईयू), मुफस्सिल थाना के पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।

    श्रीकृष्ण सेतु के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने उजले रंग की बाइक से रेकी कर रहे राकेश कुमार उर्फ धनश्याम को पकड़ा। वह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शंकरपुर का रहने वाला है।

    तलाशी में उसके पास से मोबाइल फोन और 42 हजार रुपये नकद मिले। पूछताछ में उसने खुद को पशु तस्करी का लाइनर बताया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पशुओं से लदे ट्रक को पकड़ लिया।

    35 भैंस में चार मृत मिलीं

    ट्रक की तलाशी में 35 भैंस बरामद हुईं। पशुओं को ट्रक में बेरहमी से ठूंसकर लादा गया था। इनमें चार भैंस मृत अवस्था में मिलीं। पुलिस ने ट्रक चालक अमित कुमार उर्फ मंटू और सहायक चालक मु. जियाउल हक को गिरफ्तार कर लिया।

    दोनों से पशु परिवहन के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उनके पास से मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद हुई।

    सीडीआर से खुली मिलीभगत की परत

    जांच के दौरान पुलिस ने लाइनर राकेश के मोबाइल की पड़ताल की। काल डिटेल रिकार्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से मुफस्सिल एवं यातायात थाना के कुछ पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों से उसके संपर्क में रहने की बात सामने आई।

    खबरें और भी

    पुलिस के अनुसार, तस्करों के वाहनों को रास्ते में मदद पहुंचाने और जिले की सीमा पार कराने में कथित सहयोग किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। इसके बाद एक जमादार समेत चार पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया।

    सात गिरफ्तार, कई और रडार पर

    पुलिस ने अब तक सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में ट्रक, बाइक, सात मोबाइल फोन, करीब 47 हजार रुपये नकद और 35 भैंस बरामद की गई हैं। चार भैंसों की मौत हो चुकी है।

    चार-पांच अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के घेरे में है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी का यह नेटवर्क कब से सक्रिय था और पासिंग के इस कथित खेल में खाकी के और कितने चेहरे शामिल हैं।

    यह भी पढ़ें- अरवल में पति के सामने ऑटो से खींचकर पत्नी की गोली मारकर हत्या, गवाही देकर लौट रही थी महिला