मुंगेर में NH-80 पर दिनदहाड़े हथियार के बल पर कार लूटी, GPS से हुई बरामदगी
एनएच-80 पर जमालपुर के सुंदरपुर गांव के पास हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े एक कार लूट ली और युवकों से मारपीट कर मोबाइल व नकदी भी छीन ली। ...और पढ़ें
-1786198056227_m.webp)
बरामद कार। (जागरण)
HighLights
एनएच-80 पर हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े कार लूटी।
पीड़ितों से मोबाइल, नकदी और सोने के जेवर छीने गए।
जीपीएस ट्रैकिंग से पुलिस ने लावारिस कार बरामद की।
संवाद सहयोगी, जमालपुर (मुंगेर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर शनिवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए कार लूट ली।
सुंदरपुर गांव के समीप तीन बाइक पर सवार बदमाशों ने कार सवार तीन युवकों को रोककर मारपीट की और हथियार के बल पर मोबाइल, नकदी, सोने की चेन व लाकेट छीनने के बाद कार लेकर फरार हो गए।
पीड़ित लखीसराय जिले के अशोक धाम निवासी चालक मनजीत कुमार अपने दोस्त दीपक कुमार और शिवम कुमार के साथ कार (बीआर-01के-2648) से मुंगेर आ रहे थे।
सुंदरपुर के पास गुटका खरीदने के लिए कार रोकते ही आधा दर्जन से अधिक युवक वहां पहुंच गए। पहले गाली-गलौज की, फिर तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर हथियार दिखाकर दहशत फैलाई और कार की चाबी छीन ली।
जीपीएस ने बचाई कार, बाईपास से बरामद
वारदात के बाद पीड़ित ने स्वजन और हेमजापुर पुलिस को सूचना दी। कार में लगे जीपीएस की लोकेशन ट्रैक करते हुए पुलिस इंद्ररुख-भलार बाइपास पहुंची, जहां संतोष ट्रेडर्स गोदाम के पास कार लावारिस हालत में बरामद हुई।
सफियासराय और हेमजापुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज में तीन बाइक पर सवार बदमाश कार लेकर भागते दिखाई दिए हैं।
हेमजापुर प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि कार बरामद कर ली गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है।
मारपीट, मोबाइल, नकदी और जेवर छिनतई की पुष्टि हुई है। पुलिस टीम छापेमारी में जुटी है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा कर रही है।