'कुएं में गिरा परिवार का इकलौता सहारा...' मुंगेर में मजदूरी कर लौटे युवक की दर्दनाक मौत; बिलख पड़े तीनों मासूम बच्चे
मुंगेर के लड़ैयाटाड़ थाना क्षेत्र में पानी भरते समय कुएं में गिरने से 38 वर्षीय मजदूर ओम प्रकाश साह की मौत हो गई। वह परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे, उ ...और पढ़ें

मुंगेर: चार दिन पहले मजदूरी कर घर लौटे युवक की कुएं में गिरने से मौत; परिवार में छाया मातम, बिलख रहे बच्चे
HighLights
मुंगेर में पानी भरते समय कुएं में गिरा मजदूर।
38 वर्षीय ओम प्रकाश साह की डूबने से हुई मौत।
परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे, बच्चे हुए अनाथ।
संवाद सहयोगी, धरहरा (मुंगेर)। चार दिन पहले ही रोजी-रोटी कमाकर घर लौटे ओम प्रकाश साह की कुएं में गिरने से हुई दर्दनाक मौत ने हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दे दिया है। घर के इकलौते कमाऊ सदस्य का साया उठते ही पत्नी पूजा देवी और तीन मासूम बच्चों के सिर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बिलखती पत्नी बार-बार यही कह रही है कि अब इन छोटे-छोटे बच्चों की परवरिश और भविष्य कौन संभालेगा। घटना के बाद से पूरे गांव में गहरा मातम पसरा हुआ है और परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
मुंगेर जिले के लड़ैयाटाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगलवा काली स्थान के समीप रविवार की दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां पानी भरने के दौरान कुएं में गिरने से 38 वर्षीय मजदूर ओम प्रकाश साह की डूबने से मौत हो गई। वह बाहर रहकर मजदूरी करते थे और महज चार दिन पहले ही अपने घर लौटे थे। घटना के बाद से मृतक की पत्नी और तीन छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पानी भरने के दौरान फिसला पैर, मौके पर ही टूटीं सांसें
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओम प्रकाश साह रविवार दोपहर करीब 12 बजे घर के पास स्थित कुएं पर पानी भरने गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर सीधे गहरे कुएं में जा गिरे।
खबरें और भी
चीख-पुकार सुनकर दौड़े आसपास के ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर लड़ैयाटाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया।
परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था ओम प्रकाश, भविष्य पर छाया संकट
ओम प्रकाश साह ही अपने परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी पूजा देवी, दो बेटियां नैंसी कुमारी (12 वर्ष) व मोनिका कुमारी (9 वर्ष) और एक बेटा हिमांशु कुमार (10 वर्ष) छूट गए हैं।
पति की अचानक मौत से टूट चुकीं पूजा देवी बार-बार बिलखते हुए बच्चों के भविष्य और परवरिश को लेकर चिंता जता रही हैं। लड़ैयाटाड़ थानाध्यक्ष विभांशु शेखर भास्करम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।