मुंगेर में धरहरा स्टेशन के पास रेल पटरी में आई दरार, पोर्टर की सूझबूझ से टला हादसा
धरहरा स्टेशन के पास पोर्टर सुबोध कुमार की सतर्कता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब उन्होंने मुख्य रेल पटरी में दरार देखी। ...और पढ़ें

पोर्टर की सूझबूझ से टला हादसा। (जागरण)
HighLights
पोर्टर सुबोध कुमार की सतर्कता से बड़ा रेल हादसा टला।
धरहरा स्टेशन के पास मुख्य रेल पटरी में दरार पाई गई।
समय पर मरम्मत से हावड़ा-गया एक्सप्रेस सहित ट्रेनें सुरक्षित रहीं।
संवाद सहयोगी, धरहरा (मुंगेर)। जमालपुर–क्यूल रेलखंड पर शनिवार की सुबह पोर्टर की सतर्कता से एक बड़ा रेल हादसा टल गया। धरहरा स्टेशन फाटक से करीब 100 मीटर दूर मुख्य रेल पटरी में दरार आ गई थी।
समय रहते इसकी जानकारी मिलने पर रेलवे ने तत्काल ट्रेनों का परिचालन रोककर क्षतिग्रस्त पटरी की मरम्मत कराई। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:50 बजे ड्यूटी पर तैनात पॉइंट्समैन सह पोर्टर सुबोध कुमार की नजर टूटी पटरी पर पड़ी।
उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन मास्टर ललित कुमार को दी। स्टेशन मास्टर ने बताया कि 53479 नंबर पैसेंजर ट्रेन गुजरने के बाद डैशबोर्ड पैनल में ट्रैक सर्किट 4T1 फेल होने का रेड सिग्नल दिखाई दिया था।
संदेह होने पर जांच कराई गई, जिसमें रेल फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। सूचना मिलते ही पीडब्ल्यूआई और अन्य रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा के मद्देनजर सुबह 5:50 बजे से 6:45 बजे तक अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया।
रोकी गई हावड़ा-गया एक्सप्रेस
इस दौरान 13023 हावड़ा–गया एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी को धरहरा व आसपास के स्टेशनों पर रोकना पड़ा। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सुबह 6:45 बजे ट्रैक को 20 किमी प्रति घंटे की सावधानी गति के साथ परिचालन योग्य घोषित किया गया।
इसके बाद हावड़ा–गया एक्सप्रेस और इंटरसिटी एक्सप्रेस को धीमी गति से पास कराया गया। सुबह करीब 10:20 बजे क्षतिग्रस्त पटरी पूरी तरह बदल दी गई, जिसके बाद यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन सामान्य हो गया।
स्थानीय लोगों और रेलवे कर्मियों ने पोर्टर सुबोध कुमार की सतर्कता की सराहना की। समय पर सूचना मिलने से संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी।
यह भी पढ़ें- रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: 8 से 16 अगस्त तक इन ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त AC और स्लीपर कोच