विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोशल मीडिया की दोस्ती ने सात फेरे में बांधा, फिलीपींस की सारा बनी बिहार की बहू

Updated: Mon, 27 Apr 2026 02:39 PM (IST)

सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती बिहार के मुंगेर में शादी में बदल गई, जब असरगंज के एक युवक ने फिलीपींस की युवती से विवाह किया।

सोशल मीडिया की दोस्ती ने सात फेरे में बांधा, फिलीपींस की सारा बनी बिहार की बहू

सोशल मीडिया की दोस्ती ने सात फेरे में बांधा, फिलीपींस की सारा बनी बिहार की बहू

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, हवेली खड़गपुर (मुंगेर)। सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक साधारण सी दोस्ती ने आखिरकार सात फेरों के साथ जीवनभर के बंधन का रूप ले लिया। असरगंज के मिल्की टोला निवासी युवक और फिलीपींस की युवती की यह अनोखी प्रेम कहानी अब शादी के पवित्र रिश्ते में बदल गई है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में जोरों पर है।

मिल्की टोला निवासी विजय साह के पुत्र ऋषि कुमार, जो वर्तमान में भागलपुर में एशियन पेंट कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, की मुलाकात करीब नौ वर्ष पूर्व फेसबुक के माध्यम से फिलीपींस की युवती सारा पाउलीन क्रूज केरियेजा से हुई थी।

धीरे-धीरे गहराता गया बातचीत का सिलसिला

शुरुआत में सामान्य बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे गहराता गया और दोनों के बीच मजबूत भावनात्मक रिश्ता बन गया। लंबे समय तक ऑनलाइन बातचीत और एक-दूसरे को समझने के बाद दोनों ने जीवनसाथी बनने का निर्णय लिया। अपने प्यार को मुकाम देने के लिए सारा फिलीपींस से भारत पहुंचीं।

रविवार को हवेली खड़गपुर स्थित ऐतिहासिक पंचबदन शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों का विवाह विधिवत संपन्न कराया गया।

शादी देखने के लिए उमड़ी भारी भीड़

मंदिर परिसर में इस अनोखी शादी को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विदेशी दुल्हन और स्थानीय दूल्हे की जोड़ी को देखने के लिए उत्सुक लोगों ने पूरे समारोह को खास बना दिया। मंदिर के पुजारी ने पंच मुखीनाथ को साक्षी मानकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया।

दूल्हे ने बताया कि उनके एक मित्र ने भी इसी मंदिर में विवाह किया था, जिससे प्रेरित होकर उन्होंने भी यहीं शादी करने का निर्णय लिया। इलाके में यह शादी चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे प्रेम, विश्वास और धैर्य की मिसाल के रूप में देख रहे हैं।