विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथों में तिरंगा झंडा और जुबां पर 'भारत माता की जय', CM सम्राट पहुंचे हवेली खड़गपुर, सबको कहा- वंदे मातरम

Updated: Fri, 14 Aug 2026 11:38 AM (IST)

सीएम सम्राट चौधरी मुंगेर के हवेली खड़गपुर में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए, जहां कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया। इस यात्रा में "भारत माता की जय" के नारों और देशभक्ति के माहौल के साथ एनडीए के कई प्रमुख नेता भी मौजूद रहे।

मुंगेर के हवेली खड़गपुर में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री की जगह  मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शामिल होने से कार्यकर्ताओं में दिखा भारी जोश

मुंगेर के हवेली खड़गपुर में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा, मुख्यमंत्री की जगह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के शामिल होने से कार्यकर्ताओं में दिखा भारी जोश

HighLights

  1. सीएम सम्राट चौधरी हवेली खड़गपुर में तिरंगा यात्रा में शामिल।

  2. कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में यात्रा को लेकर भारी उत्साह।

  3. सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के बीच देशभक्ति का माहौल।

संवाद सूत्र, हवेली खड़गपुर (मुंगेर)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को मुंगेर जिले का हवेली खड़गपुर शहर पूरी तरह से राष्ट्रभक्ति के अनूठे रंग में सराबोर नजर आया। 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' के तहत बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आंबेडकर चौक से पटेल चौक तक एक अत्यंत भव्य और विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई।

मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही स्थानीय कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया। हाथों में लहराता तिरंगा झंडा, जुबां पर 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के गगनभेदी नारों के साथ पूरा खड़गपुर नगर देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और देशभक्ति गीतों की धुनों के बीच निकली इस ऐतिहासिक यात्रा ने पूरे क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और समरसता का सशक्त संदेश दिया।

महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर किया नमन

तिरंगा यात्रा की औपचारिक शुरुआत करने से पूर्व मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नंदलाल बोस चौक पहुंचकर महान चित्रकार स्व. नंदलाल बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत उन्होंने आंबेडकर चौक पर संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा पटेल चौक पर 'लौह पुरुष' सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर पटेल चौक पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा केवल एक कपड़ा नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। 'हर घर तिरंगा अभियान' नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रगाढ़ करने का महापर्व है। उन्होंने आम जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि इसे केवल सरकारी कार्यक्रम न समझा जाए, बल्कि जन-जन की भागीदारी से इसे एक स्वतः स्फूर्त जनांदोलन बनाया जाए।

bihar cm samrat chaudhary leads tiranga yatra in munge

स्कूली बच्चों और युवाओं की भागीदारी से बढ़ा उत्साह

इस भव्य तिरंगा यात्रा में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उमंग के साथ हिस्सा लिया। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, जवाहर नवोदय विद्यालय तथा आरएसके उच्च विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर कतारबद्ध होकर चल रहे थे, जिससे यात्रा की छटा और भी अधिक मनोरम हो गई।

पूरे यात्रा मार्ग पर स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने अपनी छतों व दरवाजों से मुख्यमंत्री और तिरंगा यात्रा पर फूलों की वर्षा कर उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था और हर गली-मोहल्ला तिरंगे की रोशनी से जगमगा उठा।

शासन, संगठन और एनडीए के दिग्गज नेताओं का रहा जमावड़ा

इस अवसर पर सरकार और संगठन के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी कदम से कदम मिलाकर चले। यात्रा में मुख्य रूप से गन्ना उद्योग सह मुंगेर जिला प्रभारी मंत्री संजय कुमार, जमालपुर विधायक नचिकेता मंडल, मुंगेर विधायक कुमार प्रणय, विधान पार्षद लालमोहन गुप्ता, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रवींद्र सिंह कल्लू, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार पोद्दार, जदयू जिलाध्यक्ष सौरव निधि और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय सचिव मिथलेश सिंह सहित भारी संख्या में एनडीए कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

bihar cm samrat chaudhary leads tiranga yatra in munge (1)

सुरक्षा व्यवस्था रही बेहद कड़ी, प्रशासनिक अमला रहा मुस्तैद

मुख्यमंत्री की सुरक्षा और यात्रा के शांतिपूर्ण संचालन को लेकर मुंगेर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीआईजी राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर तथा पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद समेत कई वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे।

यात्रा मार्ग के चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी, जिससे यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह सुचारू बनी रही। हवेली खड़गपुर में इस आयोजन ने न केवल राष्ट्रीय गौरव को नई ऊंचाई दी, बल्कि ऐतिहासिक जनसमर्थन भी बटोरा।