मधुबनी में एक सांप ने रोक दी ट्रेनों की रफ्तार, झंझारपुर रेलखंड पर दो घंटे ठप रहा रेल परिचालन
मधुबनी में एक सांप के कारण झंझारपुर-निर्मली रेलखंड पर करीब सवा दो घंटे तक रेल सेवा ठप रही। सांप के ओएचई तार के संपर्क में आने से शॉर्ट सर्किट हुआ, जिस ...और पढ़ें

करंट की चपेट में आने के बाद सांप।
HighLights
सांप के कारण झंझारपुर-निर्मली रेलखंड पर रेल सेवा बाधित।
ओएचई तार में शॉर्ट सर्किट से बिजली आपूर्ति ठप हुई।
तकनीकी टीम की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टला।
संवाद सहयोगी, झंझारपुर (मधुबनी) । एक सांप के कारण सोमवार को झंझारपुर-निर्मली रेलखंड पर करीब दो घंटे दस मिनट तक रेल सेवा पूरी तरह ठप रही। झंझारपुर और दीप स्टेशन के बीच कमला नदी पुल के समीप ओवरहेड इक्विपमेंट लाइन में हुए शार्ट सर्किट ने पूरे रेलखंड की बिजली आपूर्ति ठप कर दी।
इस दौरान आनंद विहार टर्मिनल-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल (05580) बीच रुक गई और संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया। रेलवे सूत्रों के अनुसार, पुल संख्या 97A के पास हाई-वोल्टेज ओएचई तार पर एक सांप चढ़ गया।
जैसे ही वह विद्युत तार के संपर्क में आया, जोरदार धमाके के साथ शार्ट सर्किट हो गया। करंट की चपेट में आकर सांप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ओएचई का इंसुलेटर और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। इसके बाद पूरे सेक्शन की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद करनी पड़ी।
लोको पायलट ने भी तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया
बिजली आपूर्ति बंद होते ही ट्रेन का फेल-सेफ ब्रेक सिस्टम स्वतः सक्रिय हो गया। लोको पायलट ने भी तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को नदी पुल पर पहुंचने से पहले सुरक्षित रोक दिया।
ट्रेन के अचानक रुकने से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। जबकि आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में ट्रैक के किनारे पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही समस्तीपुर रेल मंडल की ओएचई तकनीकी टीम टावर वैगन के साथ मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त इंसुलेटर और तार बदलने के बाद दोपहर 1:05 बजे बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
खबरें और भी
इसके बाद ट्रेन संख्या 05580 को पूर्णिया कोर्ट के लिए रवाना किया गया और लगभग दो घंटे दस मिनट बाद झंझारपुर-निर्मली रेलखंड पर रेल परिचालन सामान्य हो सका।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा प्रणाली के समय पर सक्रिय होने और तकनीकी टीम की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ा रेल हादसा टल गया। घटना की तकनीकी जांच कराई जा रही है।