Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मधुबनी जेल में बंदी की मौत, आत्महत्या के प्रयास के बाद इलाज के दौरान तोड़ा दम

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 11:05 PM (GMT+05:30)

    Madhubani Jail Prisoner Death: मधुबनी मंडल कारा में आर्म्स एक्ट के एक बंदी रोशन कुमार यादव ने फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसकी इलाज के दौरान ...और पढ़ें

    सदर अस्पताल में मृतक के परिजन के आने का इंतजार करते पुलिस अधिकारी एवं कर्मी। फोटो सौ. पुलिस

    सदर अस्पताल में मृतक के परिजन के आने का इंतजार करते पुलिस अधिकारी एवं कर्मी। फोटो सौ. पुलिस

    जागरण संवाददाता, मधुबनी। Madhubani Jail Prisoner Death: मंडल कारा रामपट्टी में सोमवार को आर्म्स एक्ट मामले में बंद 20 वर्षीय रौशन कुमार यादव ने फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।

    गंभीर हालत में उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए सदर अस्पताल मधुबनी लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी लेने में जुट गए।

    रौशन रहिका थाना क्षेत्र के निवासी रामदयाल यादव का पुत्र था। सूत्रों के अनुसार, उसने गमछे अथवा इसी तरह के किसी कपड़े का फंदा बनाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसे फंदे पर लटका देखकर अन्य बंदियों और जेल कर्मियों ने शोर मचाया, जिसके बाद उसे तत्काल नीचे उतारा गया।

    जेल कर्मियों ने रौशन को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद जेल प्रशासन के साथ पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

    सदर अनुमंडल पदाधिकारी चंदन कुमार झा ने बताया कि सोमवार शाम मधुबनी मंडल कारा के एक पुरुष बंदी की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है।

    उन्होंने कहा कि मृतक की सही पहचान और उसके परिजनों से संपर्क के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। समाचार प्रेषण तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटे थे।

    मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पोस्टमार्टम के लिए विशेष मेडिकल टीम का गठन किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। बंदी ने किस परिस्थिति में आत्महत्या का प्रयास किया और जेल के अंदर उसे फंदा लगाने के लिए कपड़ा कैसे मिला, इन बिंदुओं की भी जांच की जा रही है।

    खबरें और भी

    एसएसपी योगेन्द्र कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन कारण का पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकता है।