मधुबनी में बकरी खा गई पत्ता तो बुजुर्ग को पीट-पीटकर मार डाला
मधुबनी के ओलीपुर गांव में बांस के पत्ते खाने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जिसमें एक 75 वर्षीय बुजुर्ग तिरपित मंडल की पीट-पीटकर हत्या ...और पढ़ें

घटना के बाद रोटी बिलखतीं महिलाएं। जागरण
HighLights
बकरी द्वारा बांस के पत्ते खाने पर विवाद
75 वर्षीय बुजुर्ग तिरपित मंडल की हत्या
मुख्य आरोपी मिथिलेश मंडल को पुलिस ने किया गिरफ्तार
संवाद सहयोगी, झंझारपुर (मधुबनी) । भैरवस्थान थाना क्षेत्र स्थित ओलीपुर गांव में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बकरी द्वारा बांस का पत्ता खा लेने की बात पर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मिथिलेश उर्फ मित्थल मंडल ने अपने घर के पास बांस का पत्ता तोड़कर रखा था। इसी दौरान पड़ोसी तिरपित मंडल (75) की बकरी वहां पहुंच गई और पत्ता खाने लगी।
इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और विवाद में बदल गई। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन तनाव बना रहा।
बताया जाता है कि विवाद बढ़ने के बाद तिरपित मंडल खुद आरोपी के घर समझाने के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान मिथिलेश मंडल ने गुस्से में आकर कुदाल के बेंत से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से तिरपित मंडल मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की बहू सुलेखा देवी के बयान पर भैरवस्थान थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एफआईआर में मुख्य आरोपी मिथिलेश उर्फ मित्थल मंडल के अलावा उसकी पत्नी कौशल्या देवी और पुत्री कंचन कुमारी को भी नामजद किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी और एसआई प्रीति कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
खबरें और भी
एसडीपीओ सुबोध कुमार सिन्हा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।