बिहार में जन्माष्टमी के आर्केस्ट्रा में डांसर ने लहराई पिस्तौल, जांच में निकली नकली; शिक्षा विभाग से जवाब तलब
कलुआही के हरिपुर गौड़ीदास टोल स्थित मध्य विद्यालय परिसर में जन्माष्टमी पूजा के दौरान आर्केस्ट्रा में नर्तकी द्वारा पिस्तौल लहराने का वीडियो वायरल हुआ।

स्कूल परिसर में आर्केस्ट्रा के दौरान नर्तकी ने लहराया पिस्तौल, पुलिस ने किया जब्त (स्क्रीन ग्रैब)
HighLights
जन्माष्टमी पूजा में आर्केस्ट्रा के दौरान पिस्तौल लहराई गई।
पुलिस ने नकली पिस्तौल जब्त कर चेतावनी जारी की।
सरकारी स्कूल में कार्यक्रम अनुमति पर डीईओ से जांच।
संवाद सहयोगी, कलुआही (मधुबनी)। कलुआही थाना क्षेत्र के मध्य विद्यालय हरिपुर गौड़ीदास टोल परिसर में जन्माष्टमी पूजा के अवसर पर आयोजित आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान पिस्तौल लहराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
कलुआही थानाध्यक्ष पायल भारती ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कथित नर्तकी को थाना बुलाकर सत्यापन किया गया। जांच में पता चला कि कार्यक्रम में लहराया गया पिस्तौल नकली है। इसके बावजूद पुलिस ने उस पिस्तौल को जब्त कर लिया है।
नर्तकी और कार्यक्रम आयोजकों को ऐसी हरकत दोबारा नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि सरकारी विद्यालय परिसर में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम की अनुमति पूजा कमेटी को शिक्षा विभाग से मिली थी या नहीं।
इसी बिंदु पर जांच के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी मधुबनी को पत्र लिखा गया है। गौरतलब है कि मध्य विद्यालय हरिपुर गौड़ीदास टोल परिसर में कई मंदिर हैं और वर्षों से वहां छह दिवसीय जन्माष्टमी पूजा का आयोजन होता है।
भगवान कृष्ण के जन्म से छठिहार तक पूजा श्रद्धापूर्वक मनाई जाती है, लेकिन इस बार आर्केस्ट्रा में अश्लील गीत और हथियार लहराने की घटना ने पूजा समिति और आयोजकों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
