BPSC 70th Result 2026: झंझारपुर के दो भाइयों ने रचा इतिहास, दोनों बने सीनियर डिप्टी कलेक्टर
BPSC 70th Result: मधुबनी के झंझारपुर के दो सगे भाइयों, प्रशांत और हेमंत कुमार ने बीपीएससी 70वीं परीक्षा में सीनियर डिप्टी कलेक्टर बनकर इतिहास रचा है। ...और पढ़ें

बीपीएससी में सफल होने पर हेमंत को मिठाई खिलातीं मां गीता प्रसाद। फोटो: जागरण तथा बिहार लोक सेवा आयोग के पास खड़े प्रशांत कुमार (सौ. स्वयं)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, झंझारपुर (मधुबनी)। BPSC 70th Result: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के अंतिम परिणाम में मधुबनी के झंझारपुर के दो सगे भाइयों ने शानदार सफलता हासिल कर नई मिसाल कायम की है।
नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-16 निवासी शिक्षक दंपती रामनाथ साहू और गीता प्रसाद के पुत्र प्रशांत कुमार और हेमंत कुमार का चयन सीनियर डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ है। दोनों भाइयों की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
दोनों भाइयों ने हासिल की शानदार रैंक
बीपीएससी के अंतिम परिणाम में बड़े भाई प्रशांत कुमार ने 101वीं रैंक, जबकि छोटे भाई हेमंत कुमार ने 339वीं रैंक हासिल की है। एक ही परिवार के दो बेटों का एक साथ प्रशासनिक सेवा में चयन क्षेत्र के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।
गांव के स्कूल से शुरू हुआ सफर
दोनों भाइयों ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अंधराठाढ़ी के प्राथमिक विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद स्थानीय केजरीवाल हाई स्कूल से माध्यमिक शिक्षा पूरी की। सीमित संसाधनों के बीच शुरू हुआ उनका शैक्षणिक सफर आज प्रशासनिक सेवा तक पहुंच गया।
आईआईटी से पढ़ाई, अब प्रशासनिक सेवा
प्रशांत कुमार ने आईआईटी मंडी से बीटेक की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह जर्मनी में इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं। वहीं, हेमंत कुमार ने आईआईटी गुवाहाटी से बीटेक करने के बाद बिहार सचिवालय, पटना में सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के रूप में सेवाएं दीं। अब दोनों भाई सीनियर डिप्टी कलेक्टर के रूप में बिहार प्रशासनिक सेवा का हिस्सा बनेंगे।
खबरें और भी
माता-पिता और गुरुजनों को दिया श्रेय
दोनों भाइयों ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। उनका कहना है कि परिवार का मार्गदर्शन, अनुशासित जीवन और निरंतर मेहनत ही उनकी सफलता की सबसे बड़ी वजह है।
बीपीएससी परिणाम घोषित होने के बाद झंझारपुर में खुशी की लहर दौड़ गई। स्वजन, रिश्तेदार और स्थानीय लोगों ने दोनों भाइयों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।