जयनगर में किराना दुकानदार को गोली मारकर घायल किया, लूटपाट का विरोध पड़ा भारी
मधुबनी के जयनगर में दुकान से घर लौट रहे किराना दुकानदार गुड्डू महतो को बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर गोली मार दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार ...और पढ़ें

जयनगर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है। प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, मधुबनी। जयनगर थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात दुकान से घर लौट रहे किराना दुकानदार गुड्डू महतो को बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया।
50 वर्षीय गुड्डू महतो, पिता प्रमोद महतो, बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनका झोला छीनने का प्रयास किया।
छिनतई का विरोध करने पर बदमाशों ने गुड्डू महतो के पेट में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। घटना 8 अगस्त की रात करीब 11 बजे की है। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
वरीय पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध की पहचान कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जयनगर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है। एसएसपी योगेन्द्र कुमार एवं ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़ स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की जानकारी ली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने में जुटी है।
घायल गुड्डू महतो का इलाज डीएमसीएच दरभंगा में चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। एसएसपी योगेन्द्र कुमार ने कहा कि सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।