मधेपुरा में बेखौफ बदमाशों का तांडव: ननिहाल से लौट रहे युवक को तिनकोनमा फाटक के पास मारी गोली, स्थिति गंभीर
मधेपुरा के कुमारखंड में तिनकोनमा फाटक के पास अज्ञात अपराधियों ने ननिहाल से लौट रहे सिकंदर कुमार साह को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक ...और पढ़ें

कुमारखंड के श्रीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार देर रात 10:30 बजे बेखौफ अज्ञात अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम
HighLights
मधेपुरा में युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किया।
ननिहाल से लौटते समय तिनकोनमा फाटक के पास हुई घटना।
घायल सिकंदर कुमार साह को पूर्णिया रेफर किया गया।
जागरण संवाददाता, मधेपुरा। मधेपुरा जिले के कुमारखंड प्रखंड अंतर्गत श्रीनगर थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने तिनकोनमा फाटक के समीप एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हथियारबंद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सनसनी फैल गई। घायल युवक की पहचान परमानंदपुर पंचायत के वार्ड संख्या सात निवासी रविंद्र साह के पुत्र सिकंदर कुमार साह के रूप में की गई है।
ननिहाल पिपरा से बाइक से घर लौट रहा था पीड़ित
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिकंदर कुमार साह रविवार को अपने ननिहाल सुपौल जिले के पिपरा गए हुए थे। देर रात करीब 10:30 बजे वह बाइक पर सवार होकर अपने घर परमानंदपुर लौट रहे थे।
जैसे ही वह श्रीनगर थाना क्षेत्र के तिनकोनमा फाटक के समीप पहुंचे, पूर्व से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। जब तक सिकंदर कुछ समझ पाते, अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगते ही सिकंदर लहूलुहान होकर सड़क किनारे गिर पड़े।
घायल युवक ने फोन कर परिजनों को दी जानकारी, पूर्णिया रेफर
अत्यंत विषम परिस्थिति और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद सिकंदर ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने तुरंत अपने मोबाइल से घटना की जानकारी स्वजनों को दी। परिजनों ने बिना समय गंवाए इसकी सूचना श्रीनगर थाना पुलिस को दी।
खबरें और भी
सूचना मिलते ही श्रीनगर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान अवस्था में पड़े सिकंदर को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कुमारखंड में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद युवक की स्थिति को चिंताजनक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन आनन-फानन में सिकंदर को लेकर पूर्णिया रवाना हो गए।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी
मामले की पुष्टि करते हुए श्रीनगर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि देर रात युवक को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की टीम घटनास्थल का मुआयना कर छानबीन में जुटी है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों पर छापेमारी कर रही है।