बिहार में मधेपुरा के सिंहेश्वरनाथ मंदिर में भगदड़ से मची अफरातफरी, 5 श्रद्धालु घायल; सिर फटने से 1 की हालत गंभीर
बिहार के मधेपुरा स्थित बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में मुख्य द्वार खुलने पर अफरातफरी मच गई, जिससे पांच श्रद्धालु घायल हो ...और पढ़ें

सिंहेश्वरनाथ मंदिर की धक्का मुक्की में घायल महिला। फोटो जागरण
HighLights
मधेपुरा के सिंहेश्वरनाथ मंदिर में मुख्य द्वार खुलने पर अफरातफरी।
अफरातफरी के दौरान पांच श्रद्धालु घायल, मेडिकल कॉलेज में भर्ती।
एक श्रद्धालु के सिर में गंभीर चोट, हालत चिंताजनक बनी हुई।
जागरण संवाददाता, मधेपुरा। सावन की चौथी सोमवारी पर सिंहेश्वर धाम में भगदड़ जैसी स्थिति हो गई, जिसमें पांच श्रद्धालु घायल हो गए। करीब 15 मिनट तक रही अफरातफरी के बीच सभी घायलों को जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज मधेपुरा में भर्ती कराया गया।
वहीं ग्रिल से टकराकर गिरने में एक श्रद्धालु का सिर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। स्थिति नियंत्रित करने के दौरान कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
-1787548055952.webp)
घायलों में सुपौल के सिंटू कुमार, सहरसा के जलसीमा की रूना देवी, मधेपुरा के ग्वालपाड़ा की सुलेना देवी और एक अज्ञात महिला श्रद्धालु शामिल है।
पट खुलते ही मची अफरातफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाबा सिंहेश्वनाथ मंदिर में रात 12.30 बजे सरकारी पूजा शुरू हुई, इसके उपरांत रात एक बजे बाबा का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। मंदिर के बाहरी परिसर स्थित मुख्यद्वार के बगल से श्रद्धालुओं को कतारबद्ध होकर प्रवेश कराया जा रहा था।

भीड़ को देखते हुए मुख्यद्वार को खोलते ही अलसुबह चार बजे भगदड़ हो गई। जिसमे चार श्रद्धालु गंभीर रूप से ज़ख्मी हो गए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु चोटिल हुए हैं। आधे दर्जन पुलिस कर्मी भी जख़्मी हैं।
शिव मंदिरों में उमड़ रही भीड़
सावन का सोमवार होने की वजह से शिव मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ रही है। जिससे भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। अभी हाल ही में लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़ हो गई थी, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई थी।
