मधेपुरा में 19 महिलाओं से लोन दिलाने के नाम पर 5-5 हजार की ठगी, कंपनी के दफ्तर के बाहर हंगामा
मधेपुरा के सिंहेश्वर में आकांक्षा क्रेडिट कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 19 महिलाओं से ऋण दिलाने के नाम पर 5-5 हजार रुपये की ठगी की गई। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सिंहेश्वर (मधेपुरा)। मधेपुरा सदर प्रखंड के साहूगढ़ कारू टोला की महिलाओं ने एक निजी वित्तीय कंपनी पर ठगी का गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। ठगी का शिकार हुई महिलाओं ने कहा कि आकांक्षा क्रेडिट कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर 1.10 लाख रुपये का ऋण दिलाने का झांसा देकर सभी से 5000-5000 रुपये खाता खुलवाने के नाम पर वसूले गए।
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि जब उन्हें दिए गए 5000 रुपये का रसीद दिखाया गया तो उस पर डीसीबी बैंक का नाम अंकित था। संदेह होने पर महिलाएं दुर्गा चौक, गम्हरिया रोड स्थित उक्त निजी फाइनेंस बैंक के कार्यालय में पहुंचीं तो ताला लटका हुआ मिला।
इससे आक्रोशित महिलाओं ने शटर पीटना शुरू कर दिया और विरोध स्वरूप दुर्गा चौक पर करीब आधे घंटे तक सड़क जाम कर दिया।
बताया जा रहा है कि दुर्गा चौक स्थित उक्त बैंक के लिए मकान किराया एग्रीमेंट चार मई को कराया गया था। सिंहेश्वर थाना क्षेत्र बैरबन्ना निवास मकान मालिक रमेश कुमार सिंह के साथ एग्रीमेंट कराने में दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के नारायणपुर वार्ड संख्या आठ निवास दिनेश शर्मा के पुत्र राकेश कुमार शर्मा और बेगूसराय जिले के बिशनपुर वार्ड संख्या दो निवासी अशोक सिंह का पुत्र आलोक कुमार सिंह की भूमिका है।
वहीं, महिलाओं के द्वारा किए गए जाम के कारण कुछ देर के लिए आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर महिलाओं को शांत कराया तथा जाम समाप्त करवाया गया।
हंगाम कर रहीं महिलाओं में शोभा देवी, बबिता देवी, सुनीता कुमारी, आशा देवी आदि ने बताया कि कुल 19 महिलाओं से 5000-5000 रुपये लेकर विशाल कुमार नामक युवक ने करंट अकाउंट खोलने की बात कही थी।
साथ ही यह भी भरोसा दिलाया गया था कि उसी दिन उनके खाते में 1.10 लाख रुपये की ऋण की राशि भेज दी जाएगी। यह भी बताया गया था कि यह ऋण व्यक्तिगत होगा और समूह के झंझट से मुक्ति मिलेगी।
खबरें और भी
हालांकि, इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सड़क जाम की जैसी कोई बात नहीं है। महिलाओं के द्वारा हंगामा किए जाने की पुलिस पहुंची थी, लेकिन अब तक इस मामले में कोई आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।