मोकामा-मुंगेर फोरलेन के लिए भूमि अधिग्रहण शुरू; 1908 के सर्वे को आधार बनाने पर लखीसराय में भड़के किसान
मोकामा-मुंगेर फोरलेन के लिए बड़हिया में भूमि अधिग्रहण शुरू हो गया है, लेकिन किसान 1908 के पुराने सर्वे को आधार बनाने पर असंतुष्ट हैं। वे मुआवजा और स्व ...और पढ़ें

बड़हिया किसान भवन में लगे विशेष शिविर में 29 किसानों ने जमा किए दस्तावेज, मुआवजा दर घोषित न होने से बढ़ी नाराजगी
संवाद सूत्र, बड़हिया (लखीसराय)। मोकामा-मुंगेर फोरलेन सड़क निर्माण परियोजना के लिए लखीसराय जिले के बड़हिया प्रखंड में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। इसी कड़ी में सोमवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित किसान भवन के सभागार में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में थाना नंबर 185 छबिसैया और थाना नंबर 186 इंग्लिश महाल से संबंधित 29 भू-स्वामियों (किसानों) ने अपनी जमीन से जुड़े दस्तावेज आवेदन के साथ जमा किए। हालांकि, कई किसान आवश्यक कागजात पूरे न होने के कारण अपने आवेदन जमा नहीं कर सके।
इस विशेष शिविर के दौरान भूमि अधिग्रहण के लिए अपनाई जा रही प्रशासनिक प्रक्रिया को लेकर किसानों के बीच भारी असंतोष देखने को मिला। थाना नंबर 185 छबिसैया महाल के किसानों ने अधिग्रहित की जाने वाली जमीन का आधार वर्ष 1908 में हुए पुराने कैडस्ट्रल सर्वे के रिकॉर्ड को बनाए जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।
1908 के पुराने रिकॉर्ड से मुआवजा और स्वामित्व पर विवाद की आशंका
किसानों ने अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वर्तमान समय में उनकी जमीन का नामांतरण (म्यूटेशन), जमाबंदी, रसीद निर्गमन और खरीद-बिक्री जैसे तमाम राजस्व कार्य वर्ष 1941-42 के रिविजनल सर्वे के आधार पर हो रहे हैं। ऐसे में जब व्यावहारिक और प्रशासनिक स्तर पर रिविजनल सर्वे ही प्रभावी है, तो फोरलेन निर्माण के लिए 1908 के पुराने सर्वे रिकॉर्ड को आधार बनाना पूरी तरह अतार्किक है।
खबरें और भी
किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पुराने और वर्तमान राजस्व अभिलेखों के अंतर को स्पष्ट किए बिना अधिग्रहण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया, तो भविष्य में जमीन के वास्तविक स्वामित्व और मुआवजा राशि के भुगतान को लेकर गंभीर कानूनी व प्रशासनिक विवाद खड़े हो जाएंगे।
इसके साथ ही किसानों ने इस बात पर भी गहरा रोष जताया कि प्रशासन कागजात तो मांग रहा है, लेकिन अभी तक अधिग्रहित भूमि के लिए तय की गई मुआवजा दर (सर्किल रेट/मुआवजा राशि) की जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। किसानों ने मांग की है कि अधिग्रहण से पहले पुराने व वर्तमान अभिलेखों का त्रुटिरहित मिलान कर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट की जाए।
बड़हिया के 8 मौजों के 398 प्लॉट परियोजना की जद में
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, मोकामा-मुंगेर फोरलेन सड़क परियोजना के लिए बड़हिया प्रखंड क्षेत्र के कुल आठ प्रमुख मौजों के 398 प्लॉट अधिग्रहित किए जाने हैं। पारदर्शी तरीके से दस्तावेज एकत्र करने के लिए प्रशासन की ओर से तीन दिवसीय विशेष शिविर की व्यवस्था की गई है।
इसी क्रम में मंगलवार और बुधवार को बड़हिया टाल क्षेत्र स्थित पुराने हाईस्कूल, वीरूपुर में शिविर आयोजित होगा। इसमें थाना नंबर 180 (नथनपुर), 181 (कोठवा), 172 (निजामपुर), 174 (वीरूपुर), 171 (रुस्तमपुर) और 166 (शरमा) मौजा के प्रभावित किसानों से भूमि संबंधी कागजात प्राप्त किए जाएंगे।