ससुराल से पत्नी की नहीं हुई विदाई तो नाराज होकर फंदे से झूला युवक; लखीसराय के चानन में कोहराम, पंजाब से आया था घर
Lakhisarai Chanan Suicide Case: लखीसराय के चानन थाना क्षेत्र के कुंदर गांव में पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के चलते ...और पढ़ें

Lakhisarai Chanan Suicide Case: ससुराल में पत्नी की विदाई न होने से आहत युवक ने लगाई फांसी, कुंदर गांव में पसरा मातम
HighLights
चानन के कुंदर गांव में युवक ने की आत्महत्या।
पत्नी की विदाई न होने से था मानसिक तनाव।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
संवाद सूत्र, चानन (लखीसराय)। Lakhisarai Chanan Suicide Case: चानन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदर गांव में सोमवार की देर रात पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के चलते एक युवक ने अपने ही घर में फंदे से लटककर जान दे दी। मृतक की शिनाख्त कुंदर गांव निवासी बबन यादव के पुत्र सोनू कुमार यादव के रूप में हुई है। मंगलवार की सुबह जब घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को हुई, तो घर में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सोनू कुमार यादव रोजी-रोटी के सिलसिले में पंजाब में रहकर मजदूरी करता था। वह बीते पांच सितंबर को ही पंजाब से अपने पैतृक गांव कुंदर लौटा था। उसकी पत्नी रंजू देवी काफी समय से जमुई जिले के टेंगहरा गांव स्थित अपने मायके में रह रही थी।
ससुराल से खाली हाथ लौटने पर था नाराज
घर आने के बाद सोनू सोमवार को अपनी पत्नी की विदाई कराने के लिए ससुराल टेंगहरा गया हुआ था। बताया जाता है कि किसी पारिवारिक विवाद के कारण ससुराल पक्ष ने पत्नी को साथ भेजने से इनकार कर दिया। ससुराल में विदाई न होने से सोनू बुरी तरह आहत और नाराज हो गया तथा सोमवार देर शाम अकेले ही अपने गांव वापस लौट आया।
लखीसराय जिले के चानन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंदर गांव में पारिवारिक कलह के चलते युवक ने की आत्महत्या
ससुराल (जमुई के टेंगहरा) में पत्नी की विदाई से इनकार के बाद सोमवार शाम नाराज होकर लौटा था घर
पंजाब में मजदूरी करता था मृतक सोनू यादव, बीते 5 सितंबर को ही गांव लौटा था
कमरे का दरवाजा तोड़कर फंदे से नीचे उतारा गया शव; सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी
घर लौटने के बाद वह गुमसुम था और रात में अपने कमरे में सोने चला गया। रात के किसी पहर सोनू ने कमरे की छत के बांस के बल्ले में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव
मंगलवार की सुबह जब काफी देर तक सोनू कमरे से बाहर नहीं निकला, तो परिजन उसे जगाने पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिजनों द्वारा काफी आवाज देने और खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई हलचल नहीं हुई, तो अनहोनी की आशंका में शोर मचाया गया। इसके बाद जुटे ग्रामीणों के सहयोग से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया।
दरवाजा खुलते ही अंदर सोनू को फंदे से झूलता देख परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में ग्रामीणों की मदद से उसे फंदे से नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय चानन थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले के सभी पारिवारिक पहलुओं की छानबीन की जा रही है।
