चोरी की बिजली से चल रही थी नल-जल योजना, लखीसराय में संवेदक पर 5.18 लाख का जुर्माना और FIR
लखीसराय के रामगढ़ चौक में नल-जल योजना में बिजली चोरी का खुलासा हुआ है, जिसमें संवेदक पर 5.18 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया और प्राथमिकी दर्ज की गई ह ...और पढ़ें

चोरी की बिजली से चल रही थी नल-जल योजना ( एआई जेनरेटेड तस्वीर )

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, रामगढ़ चौक (लखीसराय)। बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को बिजली विभाग की टीम ने रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र की औरे पंचायत के डकरा गांव में छापेमारी की।
टीम ने वार्ड नंबर आठ और सात में पीएचईडी विभाग की नल-जल योजना में कथित रूप से बाईपास कर बिजली चोरी पकड़ी। दोनों योजनाओं में पूर्व के बकाया बिजली बिल समेत कुल 5,18,157 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
बिजली चोरी के मामले में 69,110 रुपये का जुर्माना
बिजली विभाग के जेई अनुराग प्रियम ने बताया कि वार्ड नंबर आठ की नल-जल योजना में बिजली चोरी के मामले में 69,110 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पूर्व के बकाया बिजली बिल को जोड़ने पर कुल राशि 2,81,592 रुपये हो गई।
वहीं वार्ड नंबर सात की योजना में बिजली चोरी के लिए 45,739 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पूर्व के बकाया को जोड़ने पर कुल देनदारी 2,36,565 रुपये बताई गई।
बाईपास कर बिजली चोरी का आरोप
विभाग के अनुसार दोनों नल-जल योजनाओं का संचालन करने वाले संवेदक की पहचान बड़हिया प्रखंड के खुटहा चेतन टोला, वार्ड नंबर दो निवासी अवधेश सिंह के पुत्र सानू शेखर के रूप में हुई है। आरोप है कि लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया गया था और बाईपास कर नल-जल योजना में बिजली का उपयोग किया जा रहा था।
जेई ने बताया कि सूचना के आधार पर विभागीय टीम ने कार्रवाई की। मामले में संवेदक के विरुद्ध रामगढ़ चौक थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। टीम में मानव बल नंदन कुमार, विकास कुमार, दिलीप कुमार और मन्नू मिस्त्री शामिल थे। विभाग ने बकाया बिजली बिल शीघ्र जमा करने की चेतावनी दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार निर्धारित राशि का भुगतान नहीं करने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।