विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किशनगंज में विधवा के खाते में आए ₹740 करोड़, 2 दिन बाद हो गए 0; बैंक स्टेटमेंट देख अधिकारियों के उड़े होश

Updated: Mon, 13 Jul 2026 11:23 PM (IST)

किशनगंज में एक महिला के बैंक खाते में अचानक 740 करोड़ रुपये दिखे, जो दो दिन बाद शून्य हो गए और खाता फ्रीज कर दिया गया। बैंक इसे तकनीकी गड़बड़ी मान रहा है, जबकि यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

बैंक स्टेटमेंट दिखाती महिला। सौ. ग्रामीण

बैंक स्टेटमेंट दिखाती महिला। सौ. ग्रामीण

HighLights

  1. किशनगंज की महिला के खाते में दिखे 740 करोड़ रुपये।

  2. दो दिन बाद खाते का बैलेंस शून्य हुआ, खाता फ्रीज।

  3. बैंक इसे तकनीकी गड़बड़ी मान रहा, जांच जारी।

संवाद सूत्र, कोचाधामन (किशनगंज)। कोचाधामन प्रखंड के सोन्था पंचायत के नेहाल भाग सोन्था गांव की एक महिला के बैंक खाते में अचानक 740 करोड़ 68 लाख 72 हजार 895 रुपये की राशि दिखाई देने लगी। हालांकि दो दिन बाद खाते का बैलेंस फिर शून्य हो गया और खाते को फ्रीज कर दिया गया। बैंक इसे तकनीकी गड़बड़ी का मामला मान रहा है।

जानकारी के अनुसार, महिला का खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में है। खाते में पहले से करीब 23 हजार रुपये जमा थे। 10 जुलाई को खाते में अचानक 7,40,68,72,895 रुपये दिखाई दिए। उसी दिन महिला ने खाते से 10 हजार रुपये की निकासी भी की।

C-419-1-BHL1023-390019

12 जुलाई को जब महिला दुबारा राशि निकालने के लिए सीएसपी केंद्र पहुंची तो संचालक ने खाते की जांच की। पहले खाते में इतनी बड़ी राशि देखकर वह भी हैरान रह गया।

महिला को इसकी जानकारी दी गई तो उसे भी विश्वास नहीं हुआ। लेकिन कुछ ही देर बाद जांच करने पर खाते का बैलेंस शून्य मिला और खाता ऊपर से फ्रीज दिखने लगा। इससे महिला और उसके स्वजन घबरा गए।

मलेशिया में रहता है एक बेटा 

महिला के पिता मु. अतवारी ने बताया कि उनकी बेटी की शादी बहादुरगंज थाना क्षेत्र के झिलझिली गांव में हुई थी। पति की करीब 20 वर्ष पहले मृत्यु हो जाने के बाद वह मायके सोन्था में रह रही है।

उसका एक बेटा पांच महीने पहले रोजगार के लिए मलेशिया गया है, जबकि दूसरा बेटा लुधियाना में काम करता है। महिला के खाते में अचानक सैकड़ों करोड़ रुपये दिखाई देने और फिर गायब हो जाने की घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

बैंक अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला तकनीकी गड़बड़ी का प्रतीत होता है। वास्तविक कारण का पता बैंक के स्तर पर जांच के बाद ही चल सकेगा।

यह भी पढ़ें- महिला के बैंक खाते में आए 760 करोड़ रुपये, दिहाड़ी से लौटते ही पति पहुंचा मुर्शिदाबाद थाने और फिर...