Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    खगड़िया-सहरसा को जोड़ेगी SH-95: कोसी-बागमती पर पुल निर्माण कार्य तेज, मई 2027 तक पूरा होने की उम्मीद

    Updated: Fri, 10 Apr 2026 04:01 PM (IST)

    खगड़िया और सहरसा जिले में कोसी-बागमती दियारा क्षेत्र में एसएच-95 का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। 28 किलोमीटर लंबी यह सड़क मानसी को सिमरी बख्तियारपुर ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    चितरंजन सिंह, चौथम (खगड़िया)। कोसी-बागमती दियारा की सूरत बदलने लगी है। एसएच-95 का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी है। खगड़िया जिला के एनएच-31 मानसी से फनगो हाल्ट तक तेज गति से सड़क निर्माण कार्य चल रहा है।

    मालूम हो कि यह सड़क मानसी से सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर स्थित एनएच-107 में जाकर मिलती है। इस सड़क की लंबाई 28 किलोमीटर है। 14 किलोमीटर हिस्सा खगड़िया और 14 किलोमीटर हिस्सा सहरसा जिले में पड़ता है।

    दोनों जिले में काफी हद तक सड़क निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। लेकिन सहरसा जिले में गोरगामा ढाला, एलसी 14-सी पर आरओबी का कार्य पूर्ण नहीं हुआ है।कार्य प्रगति पर है।

    उल्लेखनीय है कि एसएच-95 परियोजना की कुल लागत 979 करोड़ है। उक्त परियोजना के तहत खगड़िया जिले में चार मेजर (उच्च स्तरीय) ब्रिज का निर्माण होना है।

    जानिए, एसएच-95 पर बनने वाले मेजर ब्रिज के बारे में

    चार मेजर ब्रिज में, कात्यायनी नदी पर पुल निर्माण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। मृत कोसी नदी पर भी पुल निर्माण कार्य लगभग पूर्ण है। बागमती नदी पर पुल निर्माण का कार्य प्रगति पर है। जबकि कोसी नदी पर अब पुल के सुपर स्ट्रक्चर का कार्य ही एक तरह से शेष है।

    एलसी-सात पर आरओबी का निर्माण कार्य प्रगति पर

    इधर बदला घाट उत्तरी केबिन ढाला, एलसी-सात पर आरओबी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उल्लेखनीय है कि परियोजना काे पूर्ण करने की तिथि मई 2027 निर्धारित की गई है, जबकि विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि, सबकुछ ठीक-ठाक रहा, तो उम्मीद है कि समय से पहले कार्य पूर्ण हो जाएगा।

    हालांकि एसएच-95 होकर अभी कुछ हद तक वाहनों का परिचालन जारी है। लेकिन कार्य पूर्ण हो जाने के बाद यह खगड़िया-सहरसा जिले के एक मुख्य मार्ग के रूप में होगा।

    क्या कहते हैं परियोजना के सहायक अभियंता धीरज कुमार

    समय सीमा के अंदर एसएच-95 का निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा। दो उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। फनगो के समीप कोसी नदी पर बन रहे पुल का पाया निर्माण कार्य लगभग पूर्ण है। दो पाये में वेल का निर्माण हो चुका है। उस पर अब पाये का निर्माण किया जा रहा है। मुख्य रूप से सुपर स्ट्रक्चर का कार्य बाकी है।

    यह भी पढ़ें- दरभंगा-सीतामढ़ी रूट पर दौड़ेगी नई ट्रेन, गोंदिया-रक्सौल के बीच भी चलेगी समर स्पेशल; चेक करें शेड्यूल

    यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी से पंजाब का सफर होगा आसान, फिरोजपुर-झंझारपुर के बीच दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन; चेक करें रूट-शेड्यूल



    खबरें और भी