खगड़िया के सरैया में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, पांच घायल
खगड़िया के चौथम थाना क्षेत्र के सरैया गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठियां चलीं, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। दोनों पक्ष एक ही भूखंड ...और पढ़ें

खगड़िया के सरैया में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प, पांच घायल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, चौथम (खगड़िया)। चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत सरैया गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठियां चली। जिसमें एक पक्ष के तीन व दूसरे पक्ष के दो लोग घायल हो गए। घटना बीते रविवार की है।
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष के लोग एक ही भूखंड पर अपना-अपना दावा कर रहे हैं। एक पक्ष का कहना है कि उक्त विवादित भूखंड उनकी खतियानी है, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है जिस खतियान पर भूमि का दावा किया जा रहा है, 1936 ई. में ही वह भूमि नीलाम कर दी गई थी।
तत्कालीन जमींदार द्वारा उनके पूर्वजों को बंदोबस्त कर दिया गया था। तबसे आज तक उक्त भूमि पर दखल-कब्जा है। उक्त विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहा-सुनी हुई। बात बढ़ते- बढ़ते मारपीट में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठियां चली। जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अजीत कुमार के निर्देश पर एएसआइ अनिल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
दोनों पक्ष सीएचसी में इलाज कराकर थाना में आवेदन दिया है। एक पक्ष के कुमार जयवर्धन व दूसरे पक्ष के अजीत कुमार के आवेदन पर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दोनों पक्षों की ओर से नौ लोगों पर मामला दर्ज कराया गया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से दिए गए आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।