खगड़िया में 48 करोड़ की लागत से बन रहा जवाहर नवोदय विद्यालय का नया भवन, छात्रों में खुशी
खगड़िया के सोनवर्षा घाट स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय को 32 साल बाद अपना स्थायी भवन मिल रहा है, जिसका निर्माण 48 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा है। ...और पढ़ें

बनकर तैयार हो रहा भवन। (जागरण)
HighLights
48 करोड़ की लागत से नया भवन निर्माण।
32 साल बाद मिल रहा स्थायी विद्यालय भवन।
छात्रों की नामांकन क्षमता में होगी वृद्धि।
संवाद सूत्र, चौथम (खगड़िया)। जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना 1994 ईस्वी में सोनवर्षा घाट में हुई। 32 वर्ष बीतने के बाद आखिरकार जवाहर नवोदय विद्यालय को अपना भवन नसीब हो रहा है।
लगभग 48 करोड़ की लागत से विद्यालय भवन का निर्माण किया जा रहा है। एनबीसीसी कंस्ट्रक्शन को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। जिससे जवाहर नवोदय विद्यालय सोनवर्षा घाट के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों समेत क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
उल्लेखनीय है कि लगातार कई वर्षों से विद्यालय भवन के लिए भूमि की तलाश की जा रही थी। लेकिन कोई न कोई तकनीकी गड़बड़ी के चलते सफलता नहीं मिल सकी थी।
लेकिन लगभग दो वर्ष पूर्व तत्कालीन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में पीडब्ल्यूडी की भूमि को ही नि:शुल्क हस्तांतरण पर मुहर लग गई।
अस्थाई भवन में हो रहा था संचालित
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में नवोदय विद्यालय, सोनबरसा घाट स्थित पीडब्ल्यूडी की भूमि पर बने अस्थाई भवन में संचालित किया जा रहा है। पठन-पाठन सहित विद्यार्थियों को रहने के लिए छात्रावास आदि उपलब्ध है। जर्जर भवन होने के कारण दुर्घटना घटित होने की आशंका बनी रहती है।
अभी जिस भवन में विद्यालय चल रहा है उसको भवन निर्माण विभाग पहले ही परित्यक्त घोषित कर चुकी है। जानकारी के अनुसार 7.115 एकड़ भूमि पर विद्यालय भवन का निर्माण किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि विद्यालय काे अपना भवन नहीं रहने के कारण प्रत्येक वर्ष 80 विद्यार्थियों के नामांकन के बदले मात्र 40 से ही संतोष करना पड़ रहा है।
नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों के रहने की क्षमता 560 है, जिसके विरुद्ध जवाहर नवोदय विद्यालय सोनवर्षा घाट में मात्र 197 विद्यार्थी ही छात्रावास में रह रहे हैं।
प्रत्येक वर्ष जिले के 40 विद्यार्थी उक्त विद्यालय में नामांकन लेने से वंचित हो रहे हैं। लेकिन अब भूमि उपलब्ध हो जाने से भवन का निर्माण भी जल्द होने की संभावना है। जिससे विद्यार्थियों के नामांकन की संख्या भी बढ़ जाएगी।
48 करोड़ की लागत से विद्यालय भवन का निर्माण हो रहा है। पुराने कैंपस को तोड़कर भवन निर्माण कार्य किया जा रहा है। 18 क्लास रुम, पांच लैब, स्टाफ क्वार्टर, दो छात्राओं का और दो छात्रों का छात्रावास, भोजनालय, प्राचार्य कक्ष समेत खेल मैदान का निर्माण किया जा रहा है। भवन निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूर्ण कर लिया जाएगा।
रवि कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर, एनबीसीसी।