खगड़िया: बागमती के यू-टर्न से उत्तरी बहोरवा पर खतरा, गांव बचाने के लिए दिन-रात चल रही फ्लड फाइटिंग
खगड़िया के उत्तरी बहोरवा में बागमती नदी के उग्र कटाव के कारण बाढ़ नियंत्रण विभाग युद्धस्तर पर फ्लड फाइटिंग कार्य में जुटा है। अधिकारियों ने कटाव स्थल ...और पढ़ें

बागमती के यू-टर्न से उत्तरी बहोरवा पर खतरा, गांव बचाने के लिए दिन-रात चल रही फ्लड फाइटिंग
HighLights
उत्तरी बहोरवा में बागमती नदी का तीव्र कटाव जारी।
बाढ़ नियंत्रण विभाग युद्धस्तर पर फ्लड फाइटिंग में जुटा।
70 मीटर क्षेत्र में कटाव रोकने को विशेष उपाय।
जागरण टीम, अलौली/खगड़िया। केबी तटबंध के 13-14 किलोमीटर के सामने उत्तरी बहोरवा में एक बार फिर बागमती उग्र रूप से कटाव करने लगी है। सूचना पर बीते गुरुवार को फ्लड फाइटिंग फोर्स के अध्यक्ष सत्यजीत, बाढ़ नियंत्रण अंचल खगड़िया के अधीक्षण अभियंता रवींद्र सिंह, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-दो, खगड़िया के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार नाव पर सवार होकर उत्तरी बहोरवा पहुंचे।
उन्होंने कटाव स्थल का गहन अवलोकन किया। यहां पुन: फ्लड फाइटिंग कार्य के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार की सुबह से फ्लड फाइटिंग कार्य आरंभ हो गया है।
सहायक और कनीय अभियंता कर रहे कैंप
यहां बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-दो, खगड़िया के सहायक अभियंता नीतेश कुमार, कनीय अभियंता लालू कुमार कैंप कर रहे हैं। 60 के आसपास मजदूर कार्यरत हैं। जेनरेटर की व्यवस्था की गई है। दिन-रात कार्य कर स्थल को सुरक्षित करने का युद्धस्तर पर प्रयास हो रहा है।
एनसी, बंबू रोल और हाथीपांव के सहारे कटाव पर नियंत्रण का प्रयास किया जा रहा है। मालूम हो कि यहां इस वर्ष बाढ़-बरसात की अवधि में तीसरी बार फ्लड फाइटिंग कार्य हो रहा है।
70 मीटर की लंबाई में जारी है कटाव
विभागीय अधिकारी के अनुसार, बागमती यहां यू टर्न लेकर भयंकर लूप बना रही है। तीखी घुमावदार कटाव ने विभाग को परेशानी में डाल रखा है। नदी इस वर्ष यहां कराए गए बाढ़ पूर्व कटाव रोधी कार्य के शुरुआती पाइंट के पास 30 मीटर में और अंतिम छोर पर 40 मीटर में तीव्र कटाव कर रही है। कहने का मतलब 70 मीटर की लंबाई में कटाव हो रहा है।
बताते चलें कि बागमती गांव के पास से होकर बह रही है। नदी अभी उफान पर है। उत्तरी बहोरवा लगभग ढाई-तीन सौ घरों का गांव है।
उत्तरी बहोरवा में बागमती एक बार पुन: कटाव कर रही है। गांव से नदी अभी डेढ़ से दो सौ मीटर की दूरी पर बह रही है। कटाव की गति तीव्र है। फ्लड फाइटिंग कार्य शुरू है। युद्धस्तर पर कार्य जारी है। शीघ्र ही स्थल को सुरक्षित कर लिया जाएगा। - मनीष कुमार, कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल-दो, खगड़िया