विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटिहार में ई-रिक्शा का सीट कवर फाड़ने के आरोप में 13 साल की मासूम की हत्या, चाचा ने पीट-पीटकर ली जान

By Ad KhushbuEdited By: Nishant Bharti
Published: Thu, 27 Aug 2026 01:38 PM (GMT+05:30)

कटिहार के पोठिया में ई-रिक्शा का सीट कवर फाड़ने के मामूली आरोप में 13 वर्षीय मासूम कोमल कुमारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

चाचा ने पीट-पीटकर ली जान

चाचा ने पीट-पीटकर ली जान

HighLights

  1. 13 वर्षीय मासूम कोमल की पीट-पीटकर हत्या।

  2. ई-रिक्शा सीट कवर फाड़ने का था आरोप।

  3. चाचा और परिवार के सदस्यों पर हत्या का आरोप।

संवाद सूत्र, पोठिया (कटिहार)। ई-रिक्शा का सीट कवर फाड़ने का आरोप और इसकी सजा मिली 13 साल की मासूम को मौत। पोठिया थाना क्षेत्र के शब्दा पंचायत के वार्ड संख्या-दो स्थित रुचदेव सिमरिया लोहनी गांव में गुरुवार सुबह करीब सात बजे एक नाबालिग बच्ची की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 

मृतका की पहचान कोमल कुमारी (13) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। जबकि आरोपी पक्ष के लोग सपरिवार घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।

मामूली आरोप पर टूट पड़े चाचा के स्वजन, नहीं बच सकी मासूम

मृतका के नाना लोहनी निवासी ढोराय मंडल ने पुलिस को बताया कि कोमल के बड़े चाचा अखिलेश मंडल ने ई-रिक्शा का सीट कवर फाड़ने का आरोप लगाकर गुरुवार सुबह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।

WhatsApp Image 2026-08-27 at 12.13.14 PM

आरोप है कि मारपीट के दौरान बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। मासूम की मौत के बाद आरोपी पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए।

मां पहले ही छोड़ चुकी थी दुनिया, चाची के सहारे पल रही थी कोमल

परिजनों के अनुसार कोमल की मां का कुछ वर्ष पूर्व ही निधन हो चुका था। चार बहनों और एक भाई में तीसरे स्थान पर रही कोमल का पालन-पोषण उसकी छोटी चाची मनीषा देवी कर रही थीं। मां की मौत के बाद चाची के स्नेह में पल रही मासूम की इस तरह मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिये भेजा

घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

WhatsApp Image 2026-08-27 at 12.13.15 PM

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है और फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।

चीख-पुकार से गूंज उठा गांव

कोमल की मौत की खबर मिलते ही पिता दिलीप कुमार मंडल, बहन अंजली कुमारी, ज्योति कुमारी, वंदना और भाई नंदू कुमार समेत अन्य स्वजन मौके पर पहुंचे।परिजनों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया। मासूम की मौत से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं। मामूली आरोप में नाबालिग की जान जाने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। 

यह भी पढ़ें- नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद कटिहार में अलर्ट, DM ने संभाला मोर्चा; जारी किए हेल्पलाइन नंबर


मामले में पोठिया थाना अध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि सबको पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। और मामले के तह तक जाने के लिए मृतक बच्ची के स्वजन से गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के लिए पुलिस संदिग्ध जगहों पर छापेमारी कर रही है।