कटिहार में बीच बाजार मर्डर: पुरानी रंजिश में वकील को 9 बार चाकू से गोदा, सिर में गोली मारकर पैदल फरार
कटिहार के पटेल चौक के पास दिनदहाड़े एक वकील गुड्डू अंसारी को गोली मार दी गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
HighLights
वकील गुड्डू अंसारी को दिनदहाड़े गोली मारी गई।
घटना कटिहार के पटेल चौक के पास हुई।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही।
जागरण संवाददाता, कटिहार। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में चार की संख्या में आए बदमाशों ने अधिवक्ता को पहले नौ बार चाकू से गोदा और फिर सिर में गोली मार कर हत्या कर दी।
घटना शहर के पटेल चौक के हरिगंज बाजार में सोमवार को सुबह साढ़े दस बजे की है। मृतक की पहचान रोजितपुर निवासी अधिवक्ता गुड्डू अंसारी के रूप में हुई है।
बदमाशों ने घटना को उस वक्त अंजाम दिया जब अधिवक्ता स्कूटी से कोर्ट जा रहे थे। पूरी घटना सीसीटीवी में रिकार्ड हो गई है।
स्थानीय लोगों ने भी घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। मामले में मृतक अधिवक्ता की बहन तबस्सुम जहां ने मोजम्मिल समेत चार आरोपितों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कराया है।
वहीं, मृतक के जीजा रामपाड़ा निवासी मु. मुमताज अंसारी ने भी अपने पड़ोसी मोजम्मिल उर्फ खोखा पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया है कि मोजम्मिल और उनके परिवार के बीच पूर्व से विवाद चला आ रहा है।
बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व कोर्ट परिसर में गुड्डू अंसारी का मोजम्मिल से झगड़ा हुआ था, जिसमें उसने मारने की धमकी भी दी थी। पूर्व से घात लगाए बदमाशों में से एक ने अधिवक्ता गुड्डू अंसारी पर चलती स्कूटी पर चाकू से हमला कर दिया।
इसके बाद अन्य तीनों ने मिलकर उन्हें जमीन पर गिरा दिया, फिर पेट, जांघ, सीना और सिर में नौ बार चाकू से हमला किया। अंत में गुड्डू के सिर में पीछे से हथियार सटाकर गोली मारकर हत्या कर दी।
वीडियो फुटेज में चार अपराधी नजर आ रहे हैं। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - परिचय कुमार, एसपी, कटिहार
यह भी पढ़ें- उमेश पाल हत्याकांड के शूटर अरमान को गया से प्रयागराज लाई पुलिस, आज जिला कोर्ट में होगी पेशी
