विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मलबा, चीखें और मातम… एक शाम में उजड़ गई कई जिंदगियां, दिल दहला देगी कटिहार की घटना

Published: Sun, 12 Apr 2026 12:01 AM (IST)Updated: Sun, 12 Apr 2026 12:09 AM (IST)

कटिहार के कोढ़ा में बस और पिकअप की भीषण टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल ...और पढ़ें

दुर्घटनाग्रस्त बस। (जागरण)

दुर्घटनाग्रस्त बस। (जागरण) 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण टीम, कटिहार। कुछ ही पल में सब कुछ बदल गया। कोढ़ा के बसगाढ़ा-दादपुर के बीच शनिवार शाम का वह दृश्य बड़ा भयावह था।

सड़क पर बिखरे वाहनों मलबे के बीच चीखें गूंज रही थीं और लोग अपनों को तलाशते भटक रहे थे। तेज रफ्तार बस और पिकअप की टक्कर ने न सिर्फ 13 जिंदगियां छीन लीं, बल्कि कई परिवारों को ऐसा जख्म दे गई, जो शायद कभी नहीं भर पाएगा।

BIHAR ROAD ACCIDENT (8)

दुर्घटना के बाद सड़क खून से सन गई थी और टूटे वाहनों के बीच जिंदगी और मौत की जंग चल रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए।

सड़क पर तड़प रहे थे घायल

इसके साथ ही एक स्कॉर्पियो और तीन बाइक भी हादसे की चपेट में आ गईं। कई लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि कई गंभीर रूप से घायल सड़क पर तड़प रहे थे। हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

KATIHAR ROAD ACCIDENT

घायल को उठाते लोग।

घटना के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। कोई अपने स्वजन को ढूंढ रहा था, तो कोई घायल को उठाकर सड़क किनारे ला रहा था। चारों ओर से मदद की पुकार गूंज रही थी।

लोगों ने दिखाई इंसानियत

इस बीच इंसानियत की मिसाल भी देखने को मिली। स्थानीय लोग बिना किसी भेदभाव के राहत और बचाव में जुट गए। जो बन पड़ा, उसी साधन से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में लोग जुट गए। किसी ने एंबुलेंस को सूचना दी, तो कई लोग निजी वाहनों से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोढ़ा पहुंचाते रहे।

रोते बिलखते नजर आए परिजन

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में पूर्णिया मेडिकल कॉलेज सहित अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। अस्पताल परिसर में भी स्थिति बेहद मार्मिक रही। अपनों को खोने का गम लिए स्वजन रोते-बिलखते नजर आए। हर तरफ विलाप और चीखें गूंजती रहीं।

KATIHAR ROAD ACCIDENT

रोते-बिलखते स्वजन। (जागरण)

हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। एक ही गांव के कई लोगों की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा है, लेकिन पीछे छूट गए परिवारों के लिए यह दर्द शायद कभी कम नहीं होगा।

सरकार ने किया मुआवजे का एलान

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इस घटना पर शोक जताया है, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर लिखा, "कटिहार में हुई भीषण सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।"

उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत एवं उपचार कार्यों को तत्परता से संचालित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को ₹2 लाख एवं घायलों को ₹50,000 की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। इस कठिन घड़ी में पूरा देश शोकसंतप्त परिवारों के साथ खड़ा है।

यह भी पढ़ें- बिहार के कटिहार में भीषण सड़क हादसा, बस और पिकअप वैन की भिड़ंत में 13 की मौत; 32 घायल