Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मेले से लौटे ही नहीं युवक, सुबह टेंपो में मिले शव; नशे के इंजेक्शन ने खड़े क‍िए कई सवाल

    Updated: Sun, 01 Feb 2026 04:05 PM (GMT+05:30)

    भभुआ के सोनहन थाना क्षेत्र के पंची गांव में रविवार सुबह एक टेंपो से दो युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान सुभाष तिवारी और टेंपो चालक ...और पढ़ें

    शव म‍िलने के बाद बदहवास स्‍वजन। जागरण

    शव म‍िलने के बाद बदहवास स्‍वजन। जागरण

    HighLights

    1. पंची गांव में टेंपो से मिले दो युवकों के शव।

    2. मृतकों के कपड़ों से नशीली दवाएं और इंजेक्शन बरामद।

    3. पुलिस नशे की लत से मौत की आशंका जता रही।

    जागरण संवाददाता, भभुआ। सोनहन थाना क्षेत्र के पंची गांव स्थित सिवाना में रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे असराढ़ी पुल के पास खड़े एक टेंपो से दो युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

    मृतकों की पहचान बहुवन गांव निवासी स्वर्गीय बबन तिवारी के लगभग 30 वर्षीय पुत्र सुभाष तिवारी और वीरेंद्र राम के लगभग 25 वर्षीय पुत्र व टेंपो चालक अनिल राम के रूप में हुई है।

    सूचना मिलते ही एसडीपीओ मनोरंजन भारती और थानाध्यक्ष जितेंद्र पंडित पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शवों को अपने कब्जे में लिया।

    पोस्टमार्टम के बाद शव स्‍वजनों को सौंप दिए गए। अस्पताल परिसर में परिजनों के करुण रुदन से माहौल गमगीन हो गया।

    नशे के आदी थे दोनों युवक 

    एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने बताया कि दोनों शवों के कपड़ों से नशीली दवाएं और इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। दोनों की बांहों पर इंजेक्शन के निशान भी पाए गए हैं।

    उन्होंने कहा कि कैमूर पुलिस पीड़ित परिवार के साथ है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। परिजनों से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    स्‍वजनों ने बताया कि सुभाष तिवारी नशे का आदी था। शनिवार को बहुवन गांव में लगे मेले के दिन सुबह करीब दस बजे दोनों युवक साथ निकले थे।

    रात में घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे ग्रामीणों से घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और पहचान की।

    बताया गया कि सुभाष तिवारी की शादी वर्ष 2020 में टोढ़ी गांव निवासी अभिमन्यु पांडेय की पुत्री राधा से हुई थी। उसके एक तीन वर्षीय पुत्री और एक वर्षीय पुत्र हैं। अभिमन्यु पांडेय ने बताया कि शादी के एक साल बाद दामाद के नशे की लत का पता चला था। कई बार समझाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। सुभाष के पिता बीएमपी के जवान थे, जो सेवानिवृत्ति के बाद बेटे को समझाते-समझाते चल बसे। मां की भी पहले ही मृत्यु हो चुकी है। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई उपेंद्र तिवारी साधु है, जबकि शशि तिवारी बाहर काम करता है। वहीं, अनिल राम विवाहित था, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं है।