धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे लिए सड़क पर उतरे संगठन, कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ धरना प्रदर्शन
जमुई के चकाई में भीम आर्मी सहित विभिन्न संगठनों ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प् ...और पढ़ें

भीम आर्मी का प्रदर्शन। फोटो जागरण
HighLights
जमुई में नीट पेपर लीक पर प्रदर्शन।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग।
भीम आर्मी ने पुतला दहन किया।
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को चकाई में भीम आर्मी सहित विभिन्न संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया।
दोपहर करीब 12 बजे चकाई प्रखंड मुख्यालय स्थित आंबेडकर प्रतिमा स्थल से भीम आर्मी के नेता प्रकाश राज आंबेडकर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर जुलूस की शक्ल में निकले।
प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। यह जुलूस चकाई चौक, हाईस्कूल रोड और जयप्रकाश चौक होते हुए चकाई मोड़ पहुंचा, जहां नारेबाजी के बीच शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका गया।
पेपर लीक से छात्रों का भविष्य अंधकारमय
पुतला दहन के बाद सभा को संबोधित करते हुए प्रकाश राज आंबेडकर ने कहा कि मौजूदा सरकार में लगातार सभी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है।
उन्होंने कहा कि देशभर में चल रहे प्रदर्शनों के दौरान बड़ी संख्या में छात्र घायल हुए हैं और कुछ की मौत की खबरें भी आई हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने सरकार से नैतिकता के आधार पर तत्काल इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के बाद जुलूस वापस चकाई प्रखंड मुख्यालय पहुंचा और धरने में तब्दील हो गया।
इस अवसर पर साजन कुमार, देवेंद्र दास, निरंजन कुमार, उपेंद्र शर्मा समे बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे। दोपहर 03:00 बजे के करीब धरना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।
चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहा पुलिस-प्रशासन
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन सुबह से ही अलर्ट मोड में था। सुबह 09:00 बजे से ही चकाई चौक सहित विभिन्न चौक-चौराहों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।
शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीटीओ सुनील कुमार, झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार, इंस्पेक्टर संतोष सिन्हा, चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार, बीडीओ मनीष आनंद, सीओ राजकिशोर साह, चंद्रमंडी थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार, चिहरा थानाध्यक्ष रिंकू रजक और बिचकोड़वा थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस के जवान लगातार गश्त करते रहे। प्रशासन की मुस्तैदी से पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।