जमुई: बंद कमरे में फंदे से झूलती मिली 17 वर्षीय किशोरी; 4 दिन पहले परिजनों के खिलाफ थाने में दी थी शिकायत
जमुई के गरही थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना से चार दिन पहले उसने परिजनों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए थाने ...और पढ़ें

बिशनपुर पंचायत के कुरबाटांड़ चौक स्थित माली टोला में रविवार देर रात की वारदात, परिजनों में मचा कोहराम
HighLights
जमुई में 17 वर्षीय किशोरी ने फंदे से लटककर आत्महत्या की।
आत्महत्या से पहले परिजनों पर प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने FSL टीम के साथ घटना की जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, जमुई (गरही)। जमुई जिले के गरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर पंचायत के कुरबाटांड़ चौक स्थित माली टोला में रविवार की देर रात एक 17 वर्षीय किशोरी ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम पसर गया।
मृतका की पहचान माली टोला निवासी उमाकांत माली की पुत्री ज्योति कुमारी (17) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गरही थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया।
प्रेम-प्रसंग और घरेलू विवाद की चर्चा, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया। FSL टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।
इधर, घटना को लेकर गांव में प्रेम-प्रसंग और पारिवारिक तनाव की तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार किशोरी का गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर परिवार वाले उस पर लगातार दबाव बना रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश में भी पारिवारिक कलह और घरेलू विवाद का कोण सामने आया है।
खबरें और भी
चार दिन पहले थाने पहुंची थी किशोरी
स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक कदम को उठाने से करीब चार-पांच दिन पहले किशोरी खुद गरही थाने पहुंची थी। वहां उसने अपने परिवार के सदस्यों द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, पुलिस ने उस समय हुई शिकायत को लेकर आधिकारिक रूप से कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है।
परिजनों पर लगाया था प्रताड़ना का आरोप
मामले की पुष्टि करते हुए गरही थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पालटा ने बताया कि किशोरी की मौत के मामले में हर संभावित पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और घटना की असल वजह का पता चल सकेगा।