Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में ऑनलाइन जमाबंदी के लिए 'ऑनलाइन घूस': बेटे के खाते में मंगाए 2.5 लाख, मंत्री तक पहुंची शिकायत

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 05:53 PM (IST)

    सोनो अंचल में जमाबंदी ऑनलाइन करने के नाम पर राजस्व कर्मचारी पर ढाई लाख रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगा है। अंचलाधिकारी ने आरोपी कर्मचारी से स्पष्टीकरण म ...और पढ़ें

    शिकायतकर्ता अशोक कुमार सिंह और उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह

    शिकायतकर्ता अशोक कुमार सिंह और उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह

    HighLights

    1. सोनो अंचल में ढाई लाख रुपये रिश्वत का आरोप।

    2. राजस्व कर्मचारी छोटेलाल यादव पर लगा आरोप।

    3. अंचलाधिकारी ने आरोपी कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा।

    संवाद सूत्र, सोनो (जमुई)। सोनो अंचल में जमीन की जमाबंदी ऑनलाइन कराने के नाम पर ढाई लाख रुपये रिश्वत लेने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बाबूडीह पंचायत में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी छोटेलाल यादव पर लगे आरोपों के बाद अंचल प्रशासन ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।

    वहीं, शिकायतकर्ता ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर राजस्व कर्मचारी को हटाने एवं ली गई राशि वापस कराने की मांग की है।

    लालपुर निवासी अशोक कुमार सिंह ने अंचलाधिकारी को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि डोकली गांव स्थित उनके परिवार की पैतृक जमीन की ऑफलाइन जमाबंदी को ऑनलाइन दर्ज कराने के लिए पिछले दो वर्षों से अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं।

    आरोप है कि इस कार्य के बदले पहले एक लाख रुपये नकद लिए गए तथा बाद में डेढ़ लाख रुपये राजस्व कर्मचारी के पुत्र संतोष राज के बैंक खाते में ऑनलाइन जमा कराए गए। आवेदन के साथ ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की रसीद भी संलग्न करने का दावा किया गया है।

    शिकायतकर्ता ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित राजस्व कर्मचारी का स्थानांतरण, रिश्वत की राशि वापस दिलाने तथा विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

    मंत्री तक पहुंची शिकायत

    आवेदन की प्रतिलिपि उद्योग एवं खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल तथा जमुई के जिलाधिकारी को भी भेजी गई है।

    वहीं, आरोपित राजस्व कर्मचारी छोटेलाल यादव ने सभी आरोपों को निराधार और मनगढ़ंत बताते हुए कहा कि उन पर दबाव बनाकर गलत कार्य कराने की कोशिश की जा रही है।

    आरोपित राजस्व कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। उनका जवाब प्राप्त होने के बाद वरीय पदाधिकारी को अवगत कराते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। - निकिता अग्रवाल, अंचलाधिकारी, सोनो

    खबरें और भी