जमुई में सुबह-सुबह झाड़ू व कुदाल लेकर नाली साफ करने उतरे डीएम-एसपी; अधिकारियों में मचा हड़कंप
जमुई में डीएम नवीन और एसपी विश्वजीत दयाल ने समाहरणालय परिसर में एक व्यापक स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। डीएम ने खुद कुदाल उठाकर नाली साफ की, जिससे ...और पढ़ें

जमुई डीएम नवीन और एसपी विश्वजीत दयाल ने जमुई कलेक्ट्रेट में खुद चलाया स्वच्छता अभियान, छतों व तारों के मकड़जाल को भी सुधारा।
HighLights
डीएम और एसपी ने जमुई में स्वच्छता अभियान चलाया।
डीएम ने खुद कुदाल से नाली की सफाई की।
अनुपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों पर होगी सख्त कार्रवाई।
संवाद सहयोगी, जमुई। रविवार तड़के करीब छह बजे जमुई समाहरणालय परिसर का माहौल बिल्कुल अलग नजर आ रहा था। सुबह 5:50 बजे से ही अधिकारियों और कर्मचारियों का जुटना शुरू हो गया था। 6:05 बजे पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल पहुंचे और ठीक 6:12 बजे जिला पदाधिकारी (DM) नवीन की गाड़ी समाहरणालय परिसर में रुकी। इसके बाद जिले के दोनों शीर्ष अधिकारियों के नेतृत्व में ऐसा अभूतपूर्व स्वच्छता अभियान शुरू हुआ, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया।
अभियान के दौरान उस वक्त अधिकारी और कर्मचारी अवाक रह गए जब डीएम नवीन ने खुद अपने हाथों में कुदाल थाम ली और नाली का कचरा साफ करने लगे। डीएम और एसपी को खुद नाली की सफाई करते देख औपचारिकता निभाने की फिराक में लगे कर्मचारी भी पूरे मनोयोग से सफाई में जुट गए।
छतों की गंदगी और बिजली-ब्रॉडबैंड के तारों का जाल भी हटाया
करीब चार घंटे तक चले इस गहन अभियान के दौरान डीएम और एसपी ने समाहरणालय परिसर के एक-एक कोने की सफाई सुनिश्चित की। दोनों अधिकारियों ने खुद कार्यालय भवनों की छतों पर चढ़कर मुआयना किया और वहां जमी गंदगी को तुरंत साफ कराया। डीएम ने कर्मचारियों को समझाया कि छत पर जमा कचरे से भवन की उम्र कैसे कम हो जाती है।
इसके साथ ही परिसर में लटक रहे बिजली और ब्रॉडबैंड के उलझे तारों के मकड़जाल को हटाने का निर्देश दिया और उनकी तुरंत अंडरग्राउंड या प्रॉपर वायरिंग कराने को कहा।
गैरहाजिर रहने वाले अधिकारियों व कर्मियों पर गिरेगी गाज
यह स्वच्छता अभियान समाहरणालय के अलावा जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों, विभिन्न विभागों और पुलिस थानों में भी एक साथ चलाया गया। समाहरणालय में एडीएम रविकांत सिन्हा, डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, एसडीएम सौरव कुमार और डीपीआरओ वीरेंद्र कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
खबरें और भी
हालांकि, इस दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी नदारद भी रहे। जिला प्रशासन द्वारा अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों की सूची तैयार की जा रही है और जल्द ही उनसे कारण बताओ (Show Cause) नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा।