यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 05, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jamui News: जमुई में खलिहान में सोए डीलर की सिर काटकर हत्या, इलाके में मची सनसनी; जांच में जुटी पुलिस
जमुई के सिकंदरा थाना क्षेत्र के खरडीह गांव में देर रात खलिहान में सो रहे बुजुर्ग की बेरहमी से सिर काटकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौक ...और पढ़ें

HighLights
- खलिहान में सो रहे बुजुर्ग की सिर काटकर हत्या
- छानबीन कर हत्या की वजह जानने में जुटी पुलिस
संवाद सहयोगी, जमुई। जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खरडीह गांव के खलिहान में एक बुजुर्ग व्यक्ति की सिर काटकर हत्या कर दी गई। घटना शनिवार रात्रि की बताई जा रही है। हत्या की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है। पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक व्यक्ति की पहचान 65 वर्षीय डीलर शिवनंदन महतो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक अपने खलिहान में ही सोया करते थे। रात में भी वे धान की झड़ाई के बाद खलिहान में सोने चले गए थे। सुबह किसी ग्रामीण ने उनकी सिरकटी लाश देखकर स्वजनों को इसकी जानकारी दी।

मौके पर पहुंची पुलिस
स्वजन द्वारा तुरंत घटना की सूचना सिकंदरा थाना को दी गई। सूचना देने के उपरांत सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। सिकंदरा थानाध्यक्ष मिंटू सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचकर मृतक जांच की जा रही है।
मौके पर एसडीपीओ सतीश सुमन भी पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि डाग स्क्वॉड और एफएसएल की टीम जांच में जुटी है। जांचोपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया जाएगा। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। जांच के बाद सारी जानकारी साझा की जाएगी।
खबरें और भी
हत्या से इलाके में सनसनी
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घरवालों ने बताया कि शिवनंदन महतो की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। फिर इतनी बेरहमी से हत्या करने का कोई कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। घटना के बाद स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
देवघर में अलग-अलग सड़क हादसे में 4 लोग घायल
अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना में देवघर-जसीडीह मुख्य सड़क मार्ग पर डढ़वा नदी के पास बाइक दुर्घटना में संजय राय घायल हो गए हैं। वे मूल रूप से सीमावर्ती बिहार के जमुई जिला के चकाई थाना क्षेत्र के बसकीटांड गांव के रहने वाले हैं।
वहीं वर्तमान में कुंडा थाना क्षेत्र के ब्रहमऋषि कालोनी में रहते हैं। बताया जाता है कि वह बाइक से चकाई से देवघर आ रहे थे। इस दौरान हुए हादसे में घायल हो गए।
वहीं अन्य सड़क हादसों में जिले के सारवां थाना क्षेत्र के घसको गांव निवासी कपिल मंडल, जिले के सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के डोमजोरी गांव निवासी रवि किशुन नायक, रिखिया थाना क्षेत्र के बंधा गांव निवासी शिबू यादव भी घायल हो गए हैं। ये भी बाइक से गिरकर घायल हुए हैं।