जमुई में सिविल सर्जन की रेड के अगले ही दिन चकाई रेफरल अस्पताल में ताला, ड्यूटी के समय सोते दिखे स्वास्थ्य कर्मी
जमुई के चकाई रेफरल अस्पताल में सिविल सर्जन के निरीक्षण के बावजूद स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी पर सोते मिले और व्यवस्था चरमराई रही। मरीजों को एक्स-रे के लिए घ ...और पढ़ें

ड्यूटी छोड़ सोते दिखे स्वास्थ्य कर्मी
HighLights
सिविल सर्जन के निरीक्षण के बावजूद चकाई अस्पताल में लापरवाही जारी।
ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्यकर्मी सोते मिले, कई कमरे बंद पाए गए।
बिजली कटौती से एक्स-रे मशीन ठप, जनरेटर भी काम नहीं आया।
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी(जमुई)। चकाई रेफरल अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मी नींद भर रहे हैं और इसकी मॉनिटरिंग करने वाले जिम्मेदार कुंभकर्णी निंद्रा में सोए हुए हैं। आखिर तभी तो वरीय पदाधिकारी के निरीक्षण के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है और स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसकी बानगी बुधवार को दिन के 11:00 बजे के करीब चकाई रेफरल अस्पताल में देखने को मिली।
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को सिविल सर्जन अशोक कुमार सिंह ने चकाई रेफरल अस्पताल सहित, करहि, सरौन, बटपार और बामदह अस्पतालों का निरीक्षण किया था। जिसमें चकाई अस्पताल प्रभारी डॉ गायत्री कुमारी, डॉ विक्रांत, बड़ा बाबू मुकेश सिंहा सहित कई कर्मी अनुपस्थित पाए गए थे। इसके बावजूद बुधवार को अस्पताल की व्यवस्था चरमराती दिखाई दी।
ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल का निरीक्षण और जांच तो होता है लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होती है जिससे व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है।
दरअसल यहां दिन के 11:00 बजे के करीब हेड चकाई गांव के सोनू चंद्रवंशी, गरही सोउतारी के सुरेश दास, कियाजोरी की मुन्नी देवी, चिहरा के नूनवा मरांडी, घाघरा के कांग्रेस दास सहित दर्जन से अधिक मरीज एक्सरे कराने के लिए पहुंचे थे। पहुंचते ही सभी मरीजों ने ऑनलाइन टोकन कटवाया।
अस्पताल के कई कमरों में ताला लटका
सोनू चंद्रवंशी ने बताया कि अस्पताल में बताया गया की लाइन कट गई है इसलिए अभी एक्स-रे नहीं होगा 12:30 बजे के बाद लाइन आएगा तो होगा आप लोग इंतजार करिए। उसके बाद वे लोग लगातार लाइन आने का इंतजार करते रहे।
खबरें और भी
इस दौरान सोनू चंद्रवंशी ने अपने मोबाइल से अस्पताल की नाकामियों को उजागर किया। जिसमें अस्पताल के कई कमरों में ताला लटका हुआ था जबकि एक कमरे में राज्य स्वास्थ्य कर्मी शेखर सुमन नींद भरते दिखाई पड़े।
अस्पताल कर्मी ने अंदर से अपना दरवाजा बंद कर लिया
युवक ने बताया कि जब वह मोबाइल से वीडियो बना रहा था तो कई अस्पताल कर्मी ने अंदर से अपना दरवाजा बंद कर लिया। अस्पताल के कई कर्मी चाय की दुकान पर टहलते देखे गए।
मरीज ने बताया कि चकाई अस्पताल में वर्षों से यही समस्या है। लाइन कट जाने पर जनरेटर से एक्सरे मशीन नहीं संचालित होता है। जिससे आए दिन दूर दराज से पहुंचने वाले मरीजों को काफी कठिनाई होती है।
मरीज ने बताया कि लगभग 1:00 बजे के बाद बिजली आपूर्ति शुरू होने पर उन लोगों का एक्स रे का कार्य हो पाया। इसके बाद मरीज को राहत मिली। इधर बुधवार को भी प्रखंड के प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र बटपार में ताला लटका देखा गया जबकि उप स्वास्थ्य केंद्र कर्णगढ़ में एकमात्र सीएचओ राज रोशन मौजूद थे जबकि यहां कार्यरत एएनएम अनुपस्थित पाई गई।
अस्पताल में लाइन रहने पर ही एक्सरे मशीन संचालित होता है। यहां जो जनरेटर उपलब्ध है वह एक्स रे मशीन का भार नहीं उठा पाता है। नया जनरेटर के लिए संबंधित एजेंसी को पत्र लिखा गया है। - नवनीत कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक, रेफरल अस्पताल, चकाई