Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार के बोंगी हाईस्कूल में जानलेवा बिजली आपूर्ति: बांस के सहारे लटके तार, खतरे में छात्रों की सुरक्षा

    Updated: Tue, 14 Jul 2026 03:41 PM (IST)

    जमुई के बोंगी स्थित प्लस टू उत्क्रमित उच्च विद्यालय में जर्जर बिजली तारों और बांस के खंभों से हो रही आपूर्ति छात्रों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन ग ...और पढ़ें

    बास की बल्ली के सहारे बिजली आपूर्ति। फोटो जागरण

    बास की बल्ली के सहारे बिजली आपूर्ति। फोटो जागरण

    HighLights

    1. बोंगी हाईस्कूल में बांस के सहारे हो रही बिजली आपूर्ति।

    2. जर्जर तार टूटने से छात्रों को करंट लगने का खतरा।

    3. बिजली विभाग ने एक सप्ताह में सुधार का आश्वासन दिया।

    संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। प्रखंड के प्लस टू उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बोंगी में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। विद्यालय परिसर और वहां तक जाने वाले मार्ग पर जर्जर बिजली तार लटके हुए हैं। स्थिति यह है कि विद्यालय में बांस के खंभों के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है।

    कई स्थानों पर तार टूटकर जमीन पर पड़े हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्ष 2024 में अस्थायी व्यवस्था के तहत बांस के सहारे बिजली लाइन खींची गई थी, लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी इसे स्थायी रूप नहीं दिया गया।

    वर्तमान में लाइन पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। आंधी और वर्षा के दौरान तार अक्सर टूटकर जमीन पर गिर जाते हैं। इसके बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि इसी मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं विद्यालय आते-जाते हैं।

    वर्षा के मौसम में जमीन पर गिरे बिजली तारों से करंट लगने का खतरा और बढ़ जाता है। कई बार स्थानीय बिजली मिस्त्री और चकाई विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर को मौखिक एवं लिखित रूप से शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

    खबरें और भी

    ग्रामीण प्रदीप मंडल, संजय राय, बाजू ठाकुर, मैनेजर सिंह, राजेश पंडित और अकबर मियां ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व में भाकपा (माले) के नेतृत्व में पदयात्रा भी निकाली गई थी, लेकिन विभाग ने अब तक स्थायी समाधान नहीं किया।

    उनका आरोप है कि बिजली विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए जर्जर तारों को तत्काल बदलने और सुरक्षित विद्युत लाइन की व्यवस्था करने की मांग की है।

    उन्होंने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई और कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

    विभाग को कई बार लिखित रूप से जानकारी दी गई है। बांस के सहारे बिजली आपूर्ति होने से लो वोल्टेज की समस्या रहती है, जिससे पंखा और मोटर भी ठीक से नहीं चल पाते। पिछले दो वर्षों से यही स्थिति बनी हुई है। - प्रकाश पंडित, प्रधानाध्यापक, प्लस टू उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बोंगी

    इस संबंध में वरीय अधिकारियों को सूचना भेज दी गई है। एक सप्ताह के भीतर पोल और नए तार लगाकर बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त कर दिया जाएगा। विभाग इस दिशा में सक्रिय है। - प्रीतम राज, जूनियर इंजीनियर, विद्युत विभाग, चकाई