'16000 दो और जाओ', जमुई में शराबबंदी का फायदा उठा वसूली करने वाले 3 होमगार्ड गिरफ्तार
सोनो के डुमरी चेकपोस्ट पर शराबबंदी कानून के नाम पर अवैध वसूली के आरोप में तीन होमगार्ड जवानों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। ...और पढ़ें
-1777209455371_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट की गई फोटो।
HighLights
डुमरी चेकपोस्ट पर तीन होमगार्ड गिरफ्तार।
शराबबंदी के नाम पर अवैध वसूली का आरोप।
यात्रियों से 16,000 रुपये की उगाही की।
संवाद सूत्र, सोनो (जमुई)। जिले में शराबबंदी कानून के नाम पर चल रहे अवैध वसूली के खेल का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है।
नवादा उत्पाद चेकपोस्ट पर फिरौती कांड की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि सोनो थाना क्षेत्र के डुमरी चेकपोस्ट पर तैनात उत्पाद विभाग के तीन होमगार्ड जवानों की करतूत ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तीनों को भेजा जेल
पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार जवानों में सूर्यमणि कुमार, नवीन कुमार और आशीष कुमार शामिल हैं।
इन पर आरोप है कि इन्होंने वाहन जांच के दौरान यात्रियों को शराब सेवन के नाम पर डराया-धमकाया और फिर उनसे मोटी रकम वसूल कर छोड़ दिया। घटना 21 अप्रैल की बताई जा रही है।
झारखंड के गिरिडीह निवासी श्यामसुंदर यादव अपने पांच साथियों के साथ सिकंदरा के महादेव सिमरिया में एक तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी डुमरी चेकपोस्ट पहुंची, वहां तैनात जवानों ने वाहन को रोककर सघन जांच शुरू कर दी।
गाड़ी की तलाशी के साथ-साथ सभी यात्रियों की शराब सेवन की जांच मशीन से कराई गई। बताया जाता है कि जांच में सभी यात्रियों के शराब सेवन की पुष्टि होने की बात कहकर जवानों ने उन्हें कानून का भय दिखाना शुरू कर दिया।
16000 में सौदा हुआ तय
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के कारण यात्रियों पर कानूनी कार्रवाई का दबाव बनाया गया। इसी दबाव के बीच मामला सेट करने की बातचीत शुरू हुई और अंततः 16 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।
पीड़ितों ने 9500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए, जबकि 5500 रुपये नकद दिए। रकम मिलते ही जवानों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के सभी को जाने दिया। इस पूरे घटनाक्रम से आहत श्यामसुंदर यादव ने एसपी विश्वजीत दयाल को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई।
खबरें और भी
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई गई, जिसमें अवैध उगाही की पुष्टि हो गई। इसके बाद सोनो थाना में केस दर्ज कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि कानून की आड़ में अवैध उगाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- दुल्हन के हाथों की मेहंदी भी नहीं सूखी, नालंदा में शादी के 6 दिन बाद ही युवक की गोली मारकर हत्या