जहानाबाद में जन वितरण प्रणाली की दुकानों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू, 10 फरवरी लास्ट डेट
जहानाबाद जिले में जन वितरण प्रणाली की खाली दुकानों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 10 फरवरी तक अनुमंडल पदाधिकारी को निबंधित डाक ...और पढ़ें

जहानाबाद में जन वितरण प्रणाली की दुकानों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू (प्रतीकात्मक तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। जिले में जन वितरण प्रणाली की खाली पड़ी दुकानों के संचालन के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 10 फरवरी तक अनुमंडल पदाधिकारी के पते पर निबंधित डाक या स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन भेजना है। अंतिम तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
अनुमंडल कार्यालय, (आपूर्ति शाखा) द्वारा यह प्रक्रिया शुरू की गई है। जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं नगर क्षेत्रों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तथा महिलाओं के लिए आरक्षित श्रेणियों में कुल 94 से अधिक रिक्त दुकानों को भरने की प्रक्रिया की जाएगी।
जहानाबाद ग्रामीण व नगर, काको ग्रामीण व नगर पंचायत, घोसी नगर पंचायत, मखदुमपुर ग्रामीण व नगर पंचायत, रतनी फरीदपुर तथा हुलासगंज प्रखंड व नगर पंचायत के अंतर्गत विभिन्न पंचायतों एवं वार्डों में दुकानों के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है और मैट्रिक उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, जबकि कंप्यूटर ज्ञान रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
स्वयं सहायता समूह, महिला सहायता समितियां एवं पूर्व सैनिकों की सहायता समितियों को वरीयता देने का प्रविधान है। एक ही परिवार के एक से अधिक सदस्य को दुकान आवंटित नहीं की जाएगी।
मुखिया, सरपंच, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति, जिला परिषद, विधायक, सांसद अथवा उनके निकट संबंधियों को इस प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।
आवेदन के साथ पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक, जाति, आय व आवासीय प्रमाण पत्र, दुकान/गोदाम से संबंधित दस्तावेज संलग्न करना आवश्यक होगा। आवेदन के साथ किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।