गोपालगंज में NIA की बड़ी कार्रवाई, विदेश भेजने के नाम पर ठगी का खुलासा; 5 घंटे तक खंगाले दस्तावेज
एनआईए ने गोपालगंज में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर कंबोडिया भेजने के मामले में प्रदीप सिंह के घर छापा मारा और पांच घंटे पूछताछ की। पीड़ित युवक की ...और पढ़ें

गोपालगंज में NIA की बड़ी कार्रवाई, विदेश भेजने के नाम पर ठगी का खुलासा
HighLights
एनआईए ने गोपालगंज में नौकरी धोखाधड़ी मामले में छापा मारा।
आरोपी प्रदीप सिंह से पांच घंटे तक गहन पूछताछ की गई।
पीड़ित को कंबोडिया भेजकर प्रतिकूल परिस्थितियों में काम कराया गया।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक को कंबोडिया भेजने के मामले में मंगलवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने गोपालगंज शहर में छापामारी की। टीम ने नगर थाना क्षेत्र के सरेया वार्ड संख्या छह निवासी आरोपित प्रदीप सिंह के घर पहुंचकर करीब पांच घंटे तक पूछताछ की।
कार्रवाई के बाद एनआईए ने प्रदीप सिंह को नोटिस जारी कर आगे की पूछताछ के लिए पटना कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला करीब दो वर्ष पुराना बताया जा रहा है। पश्चिम चंपारण जिले के एक युवक को बेहतर नौकरी व अधिक वेतन का झांसा देकर एजेंट के माध्यम से विदेश भेजा गया था।
आरोप है कि युवक को वादा किए गए देश के बजाय कंबोडिया भेज दिया गया। जहां उसे प्रतिकूल परिस्थितियों में काम करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बताया जाता है कि किसी तरह कंबोडिया से वापस भारत लौटने के बाद पीड़ित युवक ने पूरे मामले की शिकायत राष्ट्रीय जांच एजेंसी से की थी। शिकायत के आधार पर एनआईए ने मामले की जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाने के क्रम में गोपालगंज पहुंचकर संदिग्ध एजेंट के घर छापामारी की।
छापामारी के दौरान जांच अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच जांच की। टीम ने आरोपित से विदेश भेजने की प्रक्रिया, पासपोर्ट, वीजा, लेनदेन और अन्य संबंधित पहलुओं पर विस्तार से पूछताछ की। हालांकि, अधिकारियों ने बरामदगी या मामले के अन्य बिंदुओं पर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
एनआईए की इस कार्रवाई के बाद इलाके में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। माना जा रहा है कि जांच एजेंसी अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। स्थानीय पुलिस ने भी जांच में आवश्यक सहयोग देने की बात कही है।