राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में बिहार का जलवा, संजय मिश्रा और कमलेश समेत 4 हस्तियों को मिलेगा सम्मान
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में बिहार की चार हस्तियों का चयन हुआ है, जिससे राज्य का फिल्म जगत गौरवान्वित महसूस कर रहा है। ...और पढ़ें

अभिनेता संजय मिश्रा।
HighLights
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में बिहार की चार हस्तियां चयनित।
कमलेश मिश्रा, मिंटी मिश्रा, संजय मिश्रा, संजीव श्रीवास्तव को सम्मान।
फिल्म 'काकोरी' और 'भक्षक' के लिए मिला राष्ट्रीय पुरस्कार।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में बिहार की चार हस्तियों का चयन होने से राज्य का फिल्म जगत गौरवान्वित हुआ है। गोपालगंज जिले के हथुआ प्रखंड के सिंगहा गांव निवासी फिल्मकार कमलेश मिश्रा को दूसरी बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, फिल्म काकोरी की प्रोड्यूसर मिंटी मिश्रा को पहली बार यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलेगा। इसके अलावा सीतामढ़ी के अभिनेता संजय मिश्रा को फिल्म भक्षक में दमदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
वहीं, सीतामढ़ी के संजीव श्रीवास्तव को सर्वश्रेष्ठ फिल्म समीक्षक के पुरस्कार के लिए चुना गया है। इन सभी को सितंबर में नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की चार हस्तियों का चयन राज्य के सिनेमा और रचनात्मक जगत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
गोपालगंज के फिल्मकार कमलेश मिश्रा और प्रोड्यूसर मिंटी मिश्रा को फिल्म काकोरी के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिलेगा। यह फिल्म स्वतंत्रता आंदोलन के ऐतिहासिक काकोरी रेल एक्शन की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
फिल्म में क्रांतिकारियों के संघर्ष, साहस और देशभक्ति को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। कमलेश मिश्र को इससे पहले भी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है, जबकि मिंटी मिश्रा के लिए यह पहला राष्ट्रीय सम्मान है।