गया के इमामगंज में बड़ी कार्रवाई: सात किलो अफीम का दूध के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
गया जिले के इमामगंज में पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय अफीम तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। एसडीपीओ कमलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम ने 7.17 किलोग ...और पढ़ें

तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
HighLights
इमामगंज में अंतरराज्यीय अफीम तस्करी गिरोह का भंडाफोड़।
सात किलो से अधिक अफीम दूध और नकदी बरामद।
झारखंड और राजस्थान के तीन तस्कर गिरफ्तार।
संवाद सूत्र, इमामगंज (गया)। गया जिले के इमामगंज में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम तस्करी के अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सात किलो से अधिक अफीम का दूध और नकदी के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसडीपीओ कमलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम ने की। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
एसडीपीओ कमलेश कुमार ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से बड़ी मात्रा में अफीम का दूध ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही इसकी जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को दी गई। उनके निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की योजना बनाई गई।
एसआईटी टीम का गठन कर की गई कार्रवाई
सूचना के आधार पर एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया। टीम ने इमामगंज-कोठी मुख्य सड़क पर नकटी पुल के पास घेराबंदी कर जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान बिहार-झारखंड सीमा की ओर से आ रही एक काले रंग की स्कॉर्पियो को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी में मिला अफीम का दूध और नकदी
वाहन की तलाशी लेने पर प्लास्टिक में पैक 7.17 किलोग्राम अफीम का दूध बरामद किया गया। इसके साथ ही तस्करों के पास से 1 लाख 42 हजार 500 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
खबरें और भी
झारखंड और राजस्थान के हैं तस्कर
गिरफ्तार तस्करों की पहचान झारखंड राज्य के कुंदा निवासी संतोष यादव के रूप में हुई है। वहीं अन्य दो तस्कर सुरेंद्र चंद्र और मगराज बाड़मेर राजस्थान के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार राजस्थान के दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
गाड़ी और मोबाइल भी किए गए जब्त
पुलिस ने तस्करों के पास से अफीम का दूध और नकदी के अलावा एक स्कॉर्पियो वाहन तथा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।