विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में बहला-फुसलाकर बेची गई 14 साल की बच्ची? परिजनों की गुहार के बाद एक्शन में IG, बनाई विशेष टीम

Published: Tue, 08 Sep 2026 09:29 PM (IST)

मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने मोहनपुर से लापता 14 वर्षीय किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष टीम ...और पढ़ें

विकाश वैभव, आईजी, मगध रेंज (फाइल फोटो)

विकाश वैभव, आईजी, मगध रेंज (फाइल फोटो)

HighLights

  1. 14 वर्षीय लापता किशोरी की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित।

  2. आईजी विकास वैभव ने टीम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

  3. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से होगी गहन जांच।

जागरण संवाददाता, गयाजी। मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव ने मोहनपुर थाना क्षेत्र से 26 अगस्त को लापता 14 वर्षीय किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की है।

टीम का नेतृत्व नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव करेंगे। इसमें एसडीपीओ बोधगया मधु कुमारी, अंचल पुलिस निरीक्षक बोधगया सरफराज आलम, मोहनपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, डीआईयू प्रभारी, एसआई सुमन कुमार, अपर थानाध्यक्ष उमा प्रसाद और अनुसंधानकर्ता संतोष कुमार पासवान शामिल हैं।

आईजी ने निर्देश दिया है कि किशोरी की सकुशल बरामदगी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और मामले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। टीम सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों का विश्लेषण करेगी।

संदिग्ध ठिकानों पर तत्काल छापामारी और सर्च अभियान चलाने के साथ स्थानीय पुलिस एवं संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया जाएगा। अनुसंधान की प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक 24 घंटे में आईजी कार्यालय को भेजने का निर्देश दिया गया है।

स्वजन के अनुसार, किशोरी के लापता होने के मामले में बहला-फुसलाकर उसे बेचने का आरोप लगाते हुए मोहनपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।

एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, लेकिन किशोरी का अब तक सुराग नहीं मिला है। 13 दिन बाद भी बेटी की बरामदगी नहीं होने पर परिजनों ने आईजी से गुहार लगाई थी।

परिवार ने सरकार से किशोरी को सुरक्षित वापस लाने और न्याय दिलाने की मांग की है। विशेष टीम के गठन से अब मामले में तेजी आने की उम्मीद है।