इंस्टाग्राम पर 'हनीट्रैप' और 27 लाख की फिरौती: गया पुलिस ने किया अपहरण कांड का भंडाफोड़, पति-पत्नी गिरफ्तार
गया में 27 लाख रुपये की रंगदारी के लिए एक युवक का अपहरण किया गया, जिसे पुलिस ने 8-12 घंटे ...और पढ़ें

गया में 27 लाख की रंगदारी के लिए अपहरण, इंस्टाग्राम प्रेमजाल का खुलासा
HighLights
गया में युवक का 27 लाख की रंगदारी के लिए अपहरण।
पुलिस ने 8-12 घंटे में अपहृत युवक को सकुशल बचाया।
इंस्टाग्राम प्रेमजाल में फंसाकर अपहरण, तीन आरोपी गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, गयाजी। रामपुर थाना क्षेत्र में 27 लाख रुपये की रंगदारी के लिए युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 8 से 12 घंटे के भीतर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया। रंगदारी की रकम लेने पहुंचे पति-पत्नी समेत तीन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
नगर पुलिस उपाधीक्षक-2 धर्मेंद्र भारती ने मंगलवार देर शाम रामपुर थाना में प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सात सितंबर को शोभा देवी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बेटा सावन कुमार सिकरिया मोड़ जाने की बात कहकर घर से निकला था।
कुछ देर तक स्वजन से फोन पर बात हुई, इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। बाद में परिवार से फोन और मैसेज के जरिए 27 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी सुशील कुमार के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने तकनीकी सहयोग से युवक का पता लगाया और आरोपितों के बताए स्थान पर जाल बिछाया। अपहरणकर्ताओं ने रंगदारी की रकम लेकर परिवार को डेल्हा थाना क्षेत्र के कुजापी में बुलाया था।
वहां पहले से मौजूद पुलिस ने रकम लेने पहुंचे तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया और युवक को सकुशल बरामद कर लिया।
इंस्टाग्राम पर बनाया शिकार:
पुलिस जांच में सामने आया कि जहानाबाद जिले के कचनामा गांव निवासी विकास कुमार की पत्नी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से सावन से दोस्ती की और प्रेम संबंध का झांसा देकर उसे सिकरिया मोड़ बुलाया। वहां पहुंचने के बाद उसका अपहरण कर मोबाइल बंद कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अपहरण के पीछे नौकरी दिलाने के नाम पर ली गई रकम के विवाद की बात सामने आई है। इसी बकाया रकम की वसूली के लिए अपहरण की साजिश रची गई और परिवार से 27 लाख रुपये मांगे गए।
मामले में विकास कुमार, उसकी पत्नी और डेल्हा थाना क्षेत्र के खरखुरा निवासी पवन कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
