गया में पारिवारिक कलह के चलते पति का खौफनाक कदम: ब्लेड से पत्नी का काटा गला, फिर खुदकुशी का प्रयास
गया के मानपुर में एक पति ने पारिवारिक कलह के कारण अपनी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद की नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया और अब गं ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पति ने पारिवारिक कलह में पत्नी की गला काटकर हत्या की।
हत्या के बाद पति ने अपनी नस काटकर आत्महत्या का प्रयास किया।
पत्नी की मौत, पति गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती।
संवाद सूत्र, मानपुर। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव में शनिवार की देर रात एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 45 वर्षीय फेकनी देवी के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसके पति मनोज बिंद पर लगाया गया है। घटना के बाद मनोज बिंद ने भी आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने उसे इलाज के लिए मगध मेडिकल सह अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पिछले कई दिनों से अनबन और विवाद चल रहा था। इसके अलावा भी कई तरह की चर्चाएं चल रही थी।
मकान बेचने के लेकर विवाद
बताया गया कि मनोज बिंद राजमिस्त्री का काम करता था। करीब छह माह पहले काम के दौरान उसके पैर में चोट लग गई थी, जिसके बाद वह मजदूरी करने में असमर्थ था। इसी बात को लेकर दंपती के बीच अक्सर नोकझोंक होती थी।
मृतका फेकनी देवी खेती-किसानी का काम कर परिवार चलाने में सहयोग करती थी। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मनोज बिन्द प्रतिदिन नशे के हालात में रहता था और एक मकान बेचने को लेकर भी विवाद चलता रहता था।
ग्रामीणों ने बताया कि दंपती के दो मकान अगल-बगल हैं। पति-पत्नी एक मकान में सोते थे, जबकि उनके बच्चे दूसरे मकान में सोते थे।
आरोप है कि रात में मनोज बिंद ने महिला के गहरी नींद में सोने के दौरान ब्लेड से उसके गले पर वार कर दिया। घटना के बाद महिला की मौत हो गई। इसके बाद मनोज ने खुद को भी घायल कर लिया।
खबरें और भी
पुलिस की देखरेख में हो रहा इलाज
घटना की जानकारी मिलने पर रविवार सुबह मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल सह अस्पताल भेज दिया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि 45 वर्षीय महिला फेकनी देवी की हत्या की गई है।
महिला के पति मनोज बिंद के गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसका इलाज मगध मेडिकल में कराया जा रहा है। पुलिस की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
मृतका का मायका जहानाबाद जिले के इस्लामपुर में बताया गया है। उसके तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं, घटना से गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।