गया में पासपोर्ट बनवाना हुआ आसान, बोधगया-शेरघाटी में लगेंगे विशेष शिविर
बोधगया और शेरघाटी में विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिससे गया जिले के लोगों के लिए पासपोर्ट बनवाना आसान हो जाएगा।

गया में पासपोर्ट बनवाना हुआ आसान, बोधगया-शेरघाटी में लगेंगे विशेष शिविर (AI Generated Image)
HighLights
बोधगया-शेरघाटी में 21 से 25 सितंबर तक पासपोर्ट कैंप।
प्रतिदिन 55 आवेदकों को मिलेगा पासपोर्ट सेवा का लाभ।
ऑनलाइन आवेदन कर पासपोर्ट सेवा पोर्टल से अपॉइंटमेंट बुक करें।
संवाद सूत्र, बोधगया। जिले के लोगों के लिए पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया अब और आसान होने जा रही है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, पटना की ओर से बोधगया और शेरघाटी में विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन कैंप का आयोजन किया जाएगा। बोधगया में 21 और 22 सितंबर तथा शेरघाटी में 23 से 25 सितंबर तक शिविर लगेगा।
बोधगया में शिविर का आयोजन बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (बीटीएमसी) परिसर में, जबकि शेरघाटी में अनुमंडल कार्यालय परिसर में किया जाएगा।
यह अभियान विदेश मंत्रालय के ‘पासपोर्ट सेवा–पासपोर्ट आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत आयोजित हो रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को उनके नजदीक ही पासपोर्ट संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
प्रतिदिन 55 आवेदकों को मिलेगा सेवा का लाभ, कुल 275 अप्वाइंटमेंट
पांच दिवसीय शिविर के लिए कुल 275 अप्वाइंटमेंट स्लॉट जारी किए गए हैं। प्रतिदिन 55 आवेदकों को सेवा का लाभ मिलेगा। इनमें बोधगया के दो दिवसीय शिविर के लिए 110 स्लॉट, जबकि शेरघाटी के तीन दिवसीय शिविर के लिए 165 स्लॉट निर्धारित किए गए हैं।
बोधगया में 21 सितंबर को शिविर का संयुक्त उद्घाटन गया के जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, पटना स्वधा रिजवी द्वारा किया जाएगा।
गया में बढ़ रही पासपोर्ट की मांग, विदेश घूमना अब होगा असान
विदेश घूमने की इच्छा रखने वाले लोगों के लिए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की तरफ से सुनहरा अवसर दिया जा रहा है। गया में पासपोर्ट सेवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए मोबाइल वैन कैंप का यह आयोजन किया जा रहा है।
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2021 में गया में 7,518 पासपोर्ट आवेदन प्राप्त हुए थे, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 13,193 हो गए। इसी अवधि में संसाधित आवेदनों की संख्या भी 6,988 से बढ़कर 12,380 हो गई।
क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अनुसार, अप्रैल 2024 से बिहार में आयोजित होने वाला यह 21वां मोबाइल वैन कैंप होगा। गया जिले में यह दूसरा ऐसा शिविर है।
इससे पहले 2024 में आईआईएम बोधगया में शिविर लगाया गया था। राज्य के विभिन्न स्थानों पर आयोजित ऐसे शिविरों से अब तक करीब 3,000 आवेदक लाभान्वित हो चुके हैं।
पासपोर्ट बनवाने के लिए पोर्टल से ही बुक करें अप्वाइंटमेंट
शिविर का लाभ लेने के इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर बोधगया या शेरघाटी को अप्वाइंटमेंट स्थल के रूप में चुन सकते हैं। आवेदकों को निर्धारित समय पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ शिविर स्थल पर पहुंचने की सलाह दी गई है।
उल्लेखनीय है कि बीते1 जुलाई 2026 से लागू संशोधित पासपोर्ट शुल्क इन शिविरों में भी लागू होगा। पासपोर्ट कार्यालय ने लोगों से अनधिकृत एजेंटों और बिचौलियों से बचने तथा केवल आधिकारिक माध्यमों से ही जानकारी लेने की अपील की है।
पात्र दस्तावेजों के डिजिटल सत्यापन के लिए जहां संभव हो, डिजिलॉकर का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी गई है।
